रामपुर के सपा प्रत्‍याशी पांचवीं शादी में फंसे, महिला ने पुलिस से कहा- धोखे से किया निकाह

रामपुर: समाजवादी पार्टी के रामपुर प्रत्याशी मोहिब्बुल्लाह नदवी के खिलाफ एक महिला ने आगरा के डीसीपी सिटी को तहरीर दी है। इसमें आरोप लगाया गया है कि उम्‍मीदवार ने उससे निकाह किया। लेकिन, कुछ दिन बाद उसे घर से निकाल दिया। अब उम्‍मीदवार ने चुनाव आयोग में लगाए अपने हलफनामे में 5वीं पत्नी का नाम लिखा है।

पीड़िता ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने की गुहार लगाई। मामला परिवार परामर्श केंद्र भेजा गया है। शहीद नगर निवासी रुमाना परवीन गुरुवार को डीसीपी सिटी ऑफिस आई थीं। उन्होंने बताया कि उनका निकाह 22 अक्तूबर, 2012 को मोहिब्बुल्लाह से हुआ था। वह मूलरूप से रामपुर के तहसील स्वार स्थित गांव रजानगर के रहने वाले हैं। वर्तमान में जामा मस्जिद, पार्लियामेंट हाउस 5 रेसकोर्स रोड नई दिल्ली में रहे हैं।

2015 में घर से निकालने का आरोप

पति और ससुराली दहेज से खुश नहीं थे। ससुराल में उसका उत्पीड़न किया जाने लगा। 19 अप्रैल, 2015 को उसे घर से निकाल दिया। वह मायके में रह रही हैं। उसके एक पुत्र अहमद अमीन है। उन्हें निकाह के कुछ दिन बाद पता चला कि मोहिब्बुल्लाह ने पहले से 3 निकाह कर रखे थे। उसे पता चला है कि मोहिब्बुल्लाह लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की टिकट पर रामपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

उन्होंने चुनाव आयोग में जो पर्चा भरा है, उसमें पत्नी का नाम समरा नाज लिखा है। जबकि, उन्होंने पहले संभल की आफिया खातून, दूसरी रायबरेली की युवती, तीसरी रामपुर की नजीफा से की थी। इसके बाद उनसे निकाह किया। अब पांचवीं पत्नी संभल की समरा नाज को हलफनामे में दर्शाया है। उससे अवैध रूप से निकाह किया है।

हत्‍या की साजिश का आरोप

रुमाना परवीन ने आरोप लगाया कि शादियां मुस्लिम कानून के खिलाफ की हैं। यह भी कहा कि षड्यंत्र में अन्य लोग लुभना अनवार, शैफ अनवार, मोहम्मद शिवली, इकरा और अज्जत भी शामिल हैं। यह लोग उसकी हत्या कर सकते हैं। पीड़िता ने मामला दर्ज करने की गुहार लगाई है।

इस मामले को लेकर डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि रामपुर के उम्‍मीदवार पर पांचवीं शादी का आरोप लगाया गया है। परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी एसीपी पूनम सिरोही को प्रार्थनापत्र की जांच के आदेश दिए गए हैं। मामले में निकाह से संबंधित दस्तावेज देखे जाएंगे। आरोपी पक्ष को भी बुलाया जाएगा। पीड़िता ने हलफनामे की प्रति भी दी है।

वहीं, सपा प्रत्‍याशी मोहिब्‍बुल्‍लाह ने कहा कि मुझे इस बारे में कुछ पता नहीं है कि किसने कहां तहरीर दी है और न ही मैं किसी को जानता हूं।