11th Nov Header

दिल्‍ली रोड पर रैपिड रेल कॉरिडोर के लिए होगा सड़क का चौड़ीकरण, ये है तैयारी 

मेरठ: दिल्ली रोड पर जगदीश मंडप से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर तक रैपिड रेल कॉरिडोर निर्माण के बाद वाहनों के सुगम आवागमन के लिए सड़क की चौड़ाई कम रह गई है। यहां जाम न लगे इसके लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) मौजूदा सड़क को दोनों ओर एक से दो मीटर तक चौड़ी करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस अधिग्रहण की चपेट में भवन और दुकानों के कुछ भाग भी आएंगे।

मेरठ शहर में मेट्रो तथा दिल्ली तक जाने के लिए रैपिड रेल कॉरिडोर का निर्माण चल रहा है। इसमें शहर के भीतर तीन स्टेशन भूमिगत हैं। इनमें से एक स्टेशन दिल्ली रोड पर मेट्रो प्लाजा चौराहे के नीचे बनाया जा रहा है। इसकी रेल लाइन जगदीश विवाह मंडप के सामने भूमिगत हो रही है। इससे ठीक पहले कॉरीडोर निर्माण के बाद दोनों ओर वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग की चौड़ाई कम रह गई है।

हटेंगे भवन, नाला भी शिफ्ट होगा

इन मार्गों पर सुगम यातायात व्यवस्था बनाने तथा जाम न लगने देने के लिए एनसीआरटीसी ने सड़क के चौड़ीकरण का निर्णय लिया है। इस चौड़ीकरण के लिए दोनों ओर एक से दो मीटर चौड़ाई में भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर फिलहाल नाला बना है, लेकिन सड़क चौड़ीकरण में इस नाले को भी शिफ्ट किया जाएगा। नाले के पीछे बने कुछ भवन और दुकानों का कुछ भाग भी हटेगा। वहां नाला बनेगा और उसके आगे सड़क।

संपत्तियों के मूल्यांकन का काम जारी

जगदीश मंडप से लेकर दिल्ली की ओर लगभग एक किमी दूरी में दोनों ओर यह अधिग्रहण किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा फिलहाल संपत्तियों के मूल्यांकन का कार्य कराया जा रहा है। माना जा रहा है कि जल्द मुआवजा भुगतान करके इस भूमि पर सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

डीएम दीपक मीणा ने बताया कि शहर के भीतर इस स्थान पर यातायात के लिए सड़क की चौड़ाई कम रह गई है। सड़क चौड़ीकरण के लिए एनसीआरटीसी ने सड़क के दोनों ओर एक से दो मीटर चौड़ाई में भूमि की मांग की है। इसके लिए अधिग्रहण की प्रक्रिया की जा रही है।