अमेठी में लुटेरी गैंग का पर्दाफाश, तीन महिलाएं गिरफ्तार

अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी में पुलिस ने लूट के एक मामले में खुलासा किया है. पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिलाओं पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लूट पाट करने का आरोप है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लॉकेट, एक कंगन और एक चाकू भी बरामद किया है. गिरफ्तार महिलाएं जौनपुर, सुल्तानपुर और आजमगढ़ की निवासी हैं.

पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने बताया, रविवार को मोहनगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चोरी के एक मामले में मोनिका पत्नी विकास रैदास निवासी लतीफपुर थाना शाहगंज जनपद जौनपुर, सविता पत्नी रविन्दर निवासी कोइरीपुर थाना चांदा जनपद सुलतानपुर, रीना उर्फ लालमती पत्नी प्रकाश निवासी काखभार थाना बिलरियागंज जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार किया है.

अभियुक्ता सविता के कब्जे से बरामद बैग से पीली धातु के कुल चार लॉकेट मोतियों की माला सहित, एक कंगन व एक चाकू बरामद हुआ.
पूछताछ में अभियुक्ताओं ने बताया कि वह सभी मिलकर कथा व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाकर लूट करती हैं.

बरामद चार लॉकेट मय माला में से एक लॉकेट को 10 अक्टूवर को उन तीनों ने चौराबाग के निकट एक महिला जो अकेले जा रही थी. उससे चाकू दिखाकर लूट लिया था. गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर अभियोग उपरोक्त में धारा 317(2) बीएनएस व 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी करते हुये थाना मोहनगंज पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस के अनुसार अभियुक्ता मोनिका इसके पूर्व भी अपराध में सक्रिय थी. अयोध्या में मोनिका के खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज है. पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है.