Varanasi: राम मंदिर आंदोलन में मृत कार सेवकों की तृप्ति के लिए किया जाएगा रुद्राभिषेक

अखिल भारतीय संत समिति ने कार्यक्रम का किया ऐलान

Varanasi: धर्म नगरी अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का काम जोर शोर से चल रहा है। जनवरी 2024 में राम मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारी शुरू हो गई है। इस बीच अखिल भारतीय संत समिति ने भगवान भोलेनाथ की नगरी काशी में कारसेवकों के लिए बड़े कार्यक्रम करने का ऐलान किया है। जानकारी के मुताबिक, काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में अयोध्या आंदोलन के दौरान मारे गए कार सेवकों की आत्मा की शांति के लिए रुद्राभिषेक होगा। काशी में 2 नवंबर को देशभर के सैकड़ों साधु-संत भोलेनाथ की नगरी काशी में वैदिक विधि-विधान से अनुष्ठान और रुद्राभिषेक करेंगे।

अखिल भारतीय संत समिति की तरफ से बताया गया है कि 2 नवंबर को काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक और अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य राम मंदिर आंदोलन में मारे गए कार सेवकों की आत्मा की तृप्ति है। बता दें कि निहत्थे कार सेवकों की 30 अक्टूबर और 2 नवंबर, 1990 को अयोध्या में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इन्हीं कार सेवकों की आत्मा की शांति के लिए साधु संत भगवान काशी विश्वनाथ के दरबार में रुद्राभिषेक करेंगे।