सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय सहारा का हुआ निधन, मुंबई में ली अंतिम सांस

आज पार्थिव शरीर लखनऊ के सहारा शहर लाया जाएगा

मुंबई: फेमस बिजनेसमैन सुब्रत रॉय सहारा का मंगलवार देर रात मुंबई में निधन हो गया है। सहारा परिवार के मुखिया सुब्रत रॉय काफी दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे। उनका इलाज मुंबई के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा था। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर लखनऊ के सहारा शहर लाया जाएगा, जहां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी जाएगी।

सहारा इंडिया की ओर से बताया गया कि 75 वर्षीय सुब्रत रॉय सहारा को मेटास्टैटिक स्‍ट्रोक, हाई ब्‍लड प्रेशर और डायबिटीज की समस्‍याएं थीं। कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट की वजह से 14 नवंबर को रात 10.30 बजे उनका निधन हो गया। वे 12 नवंबर से कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल और मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (केडीएएच) में भर्ती थे।

अनुपम खेर ने जताया दु:ख

सुब्रत रॉय के निधन पर बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने पोस्‍ट करते हुए कहा- सुब्रत रॉय जी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ! अलग-अलग मौकों पर उनसे कई बार मुलाकात हुई! वह हमेशा मदद के लिए तैयार रहते थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे! ओम शांति!

सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय सहारा का हुआ निधन, मुंबई में ली अंतिम सांस

जमानत पर थे सुब्रत रॉय

सहारा इंडिया के खिलाफ पटना हाईकोर्ट में लोगों के पैसों का कई सालों से भुगतान नहीं करने का एक मामला चल रहा है। लोगों ने ये पैसे कंपनी की कई स्कीमों में लगाए थे। इस केस में पटना हाईकोर्ट के गिरफ्तारी के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी थी। साथ ही उनके खिलाफ आगे किसी तरह की कार्रवाई को लेकर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। सुब्रत रॉय के खिलाफ इसी तरह का एक मामला सुप्रीम कोर्ट में भी पहले से चल रहा है। वे जमानत पर बाहर थे। वहीं, निवेशकों के पैसे लौटाने को लेकर सहारा इंडिया का दावा है कि वह सारी रकम सेबी के पास जमा करा चुकी है।