Deoria Case: प्रेम यादव के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़ा सत्यप्रकाश दुबे का बेटा

जमीनी विवाद में हुई थी छह लोगों की हत्या

Deoria Murder Case: यूपी के देवरिया में 2 अक्टूबर को फतेहपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए नरसंहार मामले में दोनों पक्षों की तरफ से न्याय की गुहार लगाई जा रही है। इस घटना में प्रतिशोध के चलते सत्यप्रकाश दुबे के पूरे परिवार को मौत के घाट उतार दिया गया था, जिसके बाद उनके जिंदा बचे बेटे देवेश लगातार सरकार से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। देवेश दुबे ने कहा कि जब तक प्रेमचंद यादव के मकान पर बुलडोजर की कार्रवाई नहीं की जाती तब तक वह ब्रह्मभोज भी नहीं करेंगे।

सत्यप्रकाश दुबे के बेटे ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में अब तक पूरे तरीके से कार्रवाई नहीं की जा रही है। घटना को हुए दस दिन बीते गए हैं। अगर ऐसी घटना प्रशासन के साथ होती तो क्या वो चुप बैठते या किसी और के साथ होती तो क्या चुप बैठते। दस दिन बीत गए लेकिन, मामले में ठोस कार्रवाई की जगह केवल आश्वासन दिया जा रहा है। प्रशासन की मंशा ठीक नहीं नजर आ रही है, ऐसे में हम अपने परिजनों का ब्रह्मभोज तभी करेंगे, जब आरोपी के घर पर बुलडोजर चल जाएगा।