महेंद्रगढ़ में पलटी स्कूल बस, छह बच्चों की हुई मौत; राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने जताया दु:ख

महेंद्रगढ़ (हरियाणा): हरियाणा के महेंद्रगढ़ में गुरुवार (11 अप्रैल) को एक दु:खद हादसा हो गया। यहां कनीना के गांव उन्हानी के पास स्कूल बस पलटने से छह बच्चों की मौत हो गई और 15 गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा कनीना स्कूल बस दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों का हाल-चाल जानने के लिए अस्पताल में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों  को सांत्वना दी। जानकारी के अनुसार, हादसे में पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के भांजे पूर्व सरपंच संजय शर्मा के पुत्र का भी निधन हुआ है।

पीएम मोदी ने जताया दु:ख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर दु:ख जताते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने बच्चों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दु:ख जताते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में स्कूल बस दुर्घटना में अनेक मासूम बच्चों की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता एवं परिजनों को यह क्रूर आघात सहने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायल हुए बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने जताया दु:ख

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में स्कूल बस का दुर्घटनाग्रस्त होना बेहद दुःखद है। मेरी संवेदनाएं मृतक बच्चों के शोक संतप्त परिजनों के साथ है। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय प्रशासन के द्वारा घायल बच्चों को सहायता पहुंचाई जा रही है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

Mahendragarh School Bus Accident

स्‍कूल प्रिंसिपल व मालिक के खिलाफ होगी एफआईआर

उधर, हरियाणा की शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने निजी अस्पताल में पहुंच कर 12 छात्रों का हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने सीमा त्रिखा ने कहा कि निजी स्कूल संचालक व्यापार करना बंद करें। निजी स्कूल संचालक को नियमों का पालन करना चाहिए। मंत्री ने कहा कि ड्राइवर के साथ-साथ स्कूल के प्रिंसिपल व मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कहा कि ईद के अवकाश के दिन स्कूल खोलना गंभीर बात है। इसको लेकर प्रदेश के सभी शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ की कड़ी कार्रवाई जाएगी।

वहीं, हादसे को लेकर उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की तरफ से घायलों की हर संभव मदद की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की निगरानी में बेहतर उपचार हो रहा है। इस साथ ही डीसी ने स्कूल प्रशासन पर कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं, बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की मान्यता को रद्द करने के लिए लिखा है।

हरियाणा सीएम नायब सैनी ने जताया दु:ख

सीएम नायब सैनी ने कहा कि महेंद्रगढ़ के कनीना में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से आहत हूं। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने मासूम बच्चे खोए हैं। स्थानीय प्रशासन घायलों की सहायता के लिए मुस्तैद है।सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

पूर्व सीएम मनोहर लाल ने जताया शोक

पूर्व सीएम मनोहर लाल ने कहा कि कनीना में स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। जिसमें कुछ बच्चों की असामयिक मृत्यु होने और कुछ के घायल होने की सूचना है। मैं सभी शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।