केदारनाथ रूट पर SDRF ने 16 दिन से मलबे में दबे तीन शव निकाले, यूपी के 250 गांवों में बाढ़

नई दिल्‍ली: उत्तराखंड के केदारनाथ में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एफडीआरएफ) ने गुरुवार को 16 दिन से मलबे में दबे तीन शव निकाले। 31 जुलाई को बादल फटने के बाद यहां करीब 15 हजार लोग फंसे थे। डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट अधिकारी ने बताया कि सर्च ऑपरेशन अभी भी चल रहा है। मलबे में दबे कुछ और शव भी मिल सकते हैं।

उधर, उत्तर प्रदेश में तेज बारिश से 15 जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। लखीमपुर खीरी के 250 गांवों में पानी भर चुका है। इससे 2.50 लाख लोग प्रभावित हैं। राजस्थान में भी बूंदी के हिंडौली में 9 इंच तक बरसात के बाद बाढ़ के हालात हो गए हैं। आज शुक्रवार को भीलवाड़ा और जोधपुर में स्कूलों की छुट्‌टी कर दी गई है।

एमपी में सिंध नदी उफनाई, टापू पर आठ लोग फंसे

मध्यप्रदेश के शिवपुरी में सिंध नदी उफान पर है। इसके चलते गुरुवार को नदी के किनारे टापू पर 8 लोग फंस गए। सभी 8 लोगों को आज (शुक्रवार को) SDRF की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। हिमाचल प्रदेश में बाढ़, लैंडस्लाइड के कारण 126 सड़कें बंद हैं। इनमें दो नेशनल हाईवे भी शामिल हैं। 21 अगस्त तक बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

17 अगस्त को 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 17 अगस्त को राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, बिहार, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, लक्ष्यदीप, कर्नाटक में बारिश की संभावना है।