लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शरियत संविधान से बड़ी नहीं है। ये देश संविधान से चलेगा। शरियत भारत से बड़ी नहीं हो सकती है। मुस्लिमों को घर-मकान सब मिल रहा है, लेकिन उन्हें भारत का कानून भी मानना चाहिए। उन्होंने मदरसों के आधुनिकीकरण पर भी जोर दिया।
एक निजी टीवी चैनल के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने मदरसों के आधुनिकीकरण के सवाल पर कहा कि शरियत हमारा व्यक्तिगत विषय हो सकता है, लेकिन वो संविधान से ऊपर नहीं हो सकता। हम मदरसों का आधुनिकीकरण कर रहे हैं। हमें वैज्ञानिक, इंजीनियर और कुशल मानव संसाधन चाहिए। हमें अपने शिक्षण संस्थानों को उसी अनुरूप बनाना होगा। प्रदेश की शिक्षण व्यवस्था में एकरूपता लाना हमारी प्राथमिकता है।
भारत का कानून मानें मुसलमान
मुसलमानों की चिंता की सवाल पर सीएम योगी ने कहा कि मुस्लिमों की कौन चिंता नहीं करता। उन्हें मकान मिल रहा है। खाने को मिल रहा है। लेकिन, वे भारत का कानून भी तो मानें। भारत के संविधान का सम्मान करें। शरियत संविधान से बड़ी नहीं हो सकती। अगर मुसलमान इस बात को मानें तो भारत की जनता उन्हें सिर आंखों पर बिठाएगी।
उन्होंने कहा कि कहा कि हम हिन्दू आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं कर पाए। इसलिए शायद मुसलमानों के मन में जगह नहीं बना पाए। हिन्दुस्तान में हमें यहां की मूल आत्मा का सम्मान करना पड़ेगा। हिन्दू भारत की मूल आत्मा है। उसका अपमान नहीं किया जा सकता। जिसको गलतफहमी होगी कि हम इस भावना का अपमान करके राजनीति करेंगे, तो हम ऐसी राजनीति को ठोकर मारते हैं। हम देश की सुरक्षा और हिन्दु आस्था के सम्मान पर कोई समझौता नहीं कर सकते। ईश्वर की कृपा और जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है।
केजरीवाल की गिरफ्तारी पर कही ये बात
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोई भी कानून से बड़ा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र है। इसलिए अरविंद केजरीवाल बार-बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बन सके। मगर, लोकतंत्र किसी व्यक्ति, पार्टी या संस्था को डकैती डालने की छूट नहीं देता। मुख्यमंत्री प्रदेश का मालिक नहीं होता। हमारा काम जनसेवक और कस्टोडियन का होता है।
उन्होंने कहा कि कोई भी फिर चाहे मैं ही क्यों न हूं, अगर नियम विरुद्ध आचरण करूंगा तो मुझ पर भी देश का कानून लागू होगा। कोई व्यक्ति या सरकार खुद को कानून से ऊपर मानने लगे तो ये गलत है। ईडी एक स्वतंत्र नियामक संस्था है और केजरीवाल का मामला कोर्ट में है। इसे अब कोर्ट ही तय करेगी।
पूरी दुनिया को परिवार मानने की अवधारणा पर है सीएए
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सीएए के सवाल पर कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में हिन्दू आबादी कई गुना घटी है। सीएए भारत के वसुधैव कुटुम्बकम की अवधारणा है।