इलाहाबाद हाईकोर्ट से अफजाल अंसारी को झटका, अब चुनाव लड़ना मुश्किल!

प्रयागराज: गाजीपुर जिले से सांसद और सपा उम्‍मीदवार अफजाल अंसारी की दायर की गई याचिका पर शुक्रवार (3 मई) को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। अफजाल अंसारी को हाईकोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। अब उनकी याचिका पर 13 मई को सुबह 10 बजे सुनवाई होगी।

इलाहाबाद हाईकोर्ट की तरफ से बढ़ाई गई तारीख की वजह से अफजाल अंसारी की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं। अफजाल अंसारी के गैंगस्टर एक्ट मामले में जस्टिस संजय कुमार सिंह की सिंगल बेंच में सुनवाई की गई। गाजीपुर की स्पेशल कोर्ट से अफजाल अंसारी को गैंगस्टर एक्ट मामले में 4 साल की सजा मिली थी, जिसको रद्द करने की लिए याचिका दायर की गई थी। बीजेपी के पूर्व विधायक कृष्णानंद राय की हत्या के मामले में उनके परिवार ने 4 साल की इस सजा को और बढ़ाए जाने की मांग की।

सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सजा पर लगा दी थी रोक

बता दें कि अफजाल अंसारी के इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट 13 मई को गवर्नमेंट अपील पीड़ित की रिवीजन के साथ सुनवाई का आदेश दिया गया है। वहीं, अफजाल अंसारी को गाजीपुर की स्पेशल कोर्ट ने पिछले साल यानी साल 2023 में 29 अप्रैल को गैंगस्टर मामले में 4 साल की सजा सुनाई थी, जिसके तुरंत बाद अफजाल को जेल भेज दिया गया था। जेल जाने की वजह से उनकी लोकसभा की सदस्यता निरस्त हो गई थी। हालांकि, बाद में हाईकोर्ट ने इस मामले को लेकर अंसारी को जमानत दे दी थी और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी इस सजा पर रोक लगा दी थी।