सिद्धार्थनगर: जिले में सपा के कद्दावर नेता रामकुमार उर्फ चिंकू यादव समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दिया। इसके बाद गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के अगुवाई में पार्टी की सदस्यता ली। शुक्रवार सुबह सिद्धार्थनगर जिले में वापसी पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चिंकू यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया।
जिले के महुआरा बॉर्डर से डुमरियागंज मंदिर चौराहे तक रोड शो कर चिंकू यादव ने अपनी ताकत दिखाई। बता दें कि रामकुमार उर्फ चिंकू जिले में यादव और ओबीसी समाज के एक बड़े चेहरे के रूप में माने जाते हैं। उनके आने से भाजपा को बड़ी मजबूती मिल सकती है।
चिंकू यादव ने सपा नेता पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
मीडिया से बातचीत में चिंकू यादव ने कहा कि सपा के बड़े नेता व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडे की उत्पीड़न से मैं समाजवादी पार्टी को छोड़कर भाजपा में गया। मैंने नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की राष्ट्रवादी सोच से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है। मैं पूरे तन मन धन से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी जगदंबिका पाल को जीत दिला करके दिल्ली भेजने का काम करूंगा।