लखीमपुर खीरी: जनपद में गुरुवार रात आई आंधी से छह लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में तीन गोला और तीन लखीमपुर तहसील क्षेत्र के लोग शामिल थे। आपदा राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। जो घायल हुए हैं, उन्हें नियमानुसार आर्थिक मदद की जाएगी। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
गुरुवार रात आंधी के साथ तेज बारिश से काफी नुकसान हुआ था, जिसमें पढ़ुआ क्षेत्र के दरेरी गांव निवासी घनश्याम (40) पुत्र बड़े लाल की कार पर फूलबेहड़ क्षेत्र में अंदेशनगर में पेड़ गिरने से मौत हो गई। थाना फरधान क्षेत्र के गांव लोनिपुरवा निवासी इंद्रपाल 60 की दीवार के नीचे दबने, अलीगंज क्षेत्र के ग्राम बिलासपुर निवासी 75 वर्षीय फूलमती दीवार के नीचे दबने, थाना हैदराबाद के ग्राम बेलवा निवासी 38 वर्षीय विकास वर्मा पुत्र हरिद्वार लाल की दीवार के मलबे में दबने मौत हो गई थी।
मृतकों के आश्रितों को मिलेगी आर्थिक मदद
इमलिया गांव निवासी विनोद कुमार के ऊपर विशाल पेड़ गिरने से मौत हो गई। ताकेश्वर निवासी 70 वर्षीय सुरेश के ऊपर गेस्ट हाउस का गेट गिरने से मौत हुई। सभी शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद नियमानुसार आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की मदद की जाएगी। आपदा में तीन भैंस, तीन पड़िया, चार बकरियां भी मरी हैं। इसमें प्रत्येक भैंस का मुआवजा 37 हजार, पड़िया के तीन हजार रुपये दिए जाएंगे। आपदा में घायल अली हसन, कौशल्या देवी को आर्थिक मदद की जाएगी।
एडीएम संजय सिंह ने बताया कि आपदा में जान गंवाने वालों के आश्रितों को नियमानुसार आर्थिक मदद की जाएगी। घर व मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका सर्वे चल रहा है।