21st Nov Header Ad

रायबरेली में कांग्रेस को जिताने के लिए जुटेगी ‘स्पेशल 24’ की टीम, ये है पूरा प्लान

लखनऊ: कांग्रेस के गढ़ रायबरेली से प्रियंका गांधी के नाम की घोषणा किसी भी पल हो सकती है। चुनाव प्रबंधन के लिए राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने जिले में 24 सदस्यों की समन्वय समिति का गठन कर दिया है, जिसमें हर विधानसभा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी और वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को शामिल किया गया है। इसके साथ ही कांग्रेस के पांच बड़े चेहरे बैकअप में रहेंगे। इनमें खास नाम सुनील कानूगोलू का है, जो आईटी वॉर रूम के साथ रायबरेली के चुनावी समीकरणों के मद्देनजर चाणक्य की भूमिका निभाएंगे।

रायबरेली से मैदान में कौन उतरेगा, इसका फैसला कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हाथ में है। शनिवार रात को कांग्रेस केंद्रीय कोर कमेटी की बैठक में टिकट फाइनल करने का अधिकारी पार्टी ने उन्हें ही सौंप दिया। मिशन रायबरेली को लेकर पिछले दो दिन से सरगर्मी बढ़ गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के साथ दिल्ली कोर कमेटी सक्रिय है। सभी की निगाह रायबरेली से टिकट की घोषणा पर टिक गई है। फिलहाल प्रियंका गांधी का नाम तय माना जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अभी मौन हैं।

मल्लिकार्जुन खरगे के बयान से चर्चाओं ने पकड़ा जोर

शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरप्राइज देने की बात कही, जिसे लेकर रायबरेली के सियासी गलियारों में दिन भर चर्चाओं ने जोर पकड़े रखा। कुछ लोग अमेठी से वरुण गांधी के चुनाव मैदान में उतरने और रायबरेली से राहुल गांधी के आने की भी बातें करते रहे। हालांकि कांग्रेस पदाधिकारियों ने ऐसी किसी भी संभावना से इन्कार किया।