रामपुर: जिले में नवजोत सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. दिनदहाड़े कार वॉशिंग सेंटर संचालक की गोली मारकर हत्या करने वाले दो शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई ग्रे कलर की ऑल्टो कार बरामद की गई है. पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे पारिवारिक रंजिश की बात सामने आई है.
दस अक्टूबर को हुई थी हत्या: दरअसल, 10 अक्टूबर की शाम रामपुर के मिलक खानम थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई थी, जब टाहकला गांव निवासी नवजोत सिंह की कुम्हरिया कलां गांव के पास स्थित उनकी कार वॉशिंग की दुकान पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. बताया गया कि कार सवार हमलावर दुकान पर पहुंचे और गाड़ी से उतरकर नवजोत सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से नवजोत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी.
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी. हत्याकांड के खुलासे के लिए एसओजी और मिलक खानम थाना पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं.
इसी कड़ी में 12 अक्टूबर को पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पीपलीवन जंगल में नाहल बैराज के पास से दो वांछित आरोपियों अवदीप सिंह और राजनदीप सिंह उर्फ रजविंदर को गिरफ्तार कर लिया.
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी इस हत्याकांड के मुख्य शूटर हैं. दोनों हमलावर गाड़ी से उतरकर नवजोत सिंह पर फायरिंग करने में शामिल थे. फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
एएसपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या की वजह पारिवारिक रंजिश सामने आई है. मृतक ने अपने से अधिक उम्र की एक महिला से शादी की थी. इसी रिश्ते को लेकर महिला का बेटा और उसका एक रिश्तेदार नवजोत सिंह से रंजिश रखते थे. गिरफ्तार आरोपियों में एक मृतक की पत्नी का बेटा और दूसरा उसकी पत्नी की बुआ का लड़का है. हालांकि, मामले में जांच अभी जारी है.
फिलहाल मिलक खानम पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से हथियारों के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास फिलहाल सामने नहीं आया है.
