सबके राम विषय पर छात्रों ने अपनी कल्पना से उकेरे मनभावन चित्र

गोरखपुर: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के सेंट्रल जोन डेलीगेसी के तत्वावधान में सप्त दिवसीय प्रतियोगिताओं के पांचवे दिन आज कार्टूनिंग, ऑन स्पॉट पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, फोटोग्राफी, रंगोली एवं गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डा शैलेश सिंह, डा गौरी शंकर चौहान, डा प्रदीप निषाद, डा सुमन लता चौधरी एवं डा प्रदीप राजौरिया के संयोजकत्व में ललित कला एवं मंच विभाग में इसका आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में लगभग 110 छात्र छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इन्हें “सबके राम” विषय पर अपनी सृजनात्मक क्षमता का प्रदर्शन करना था। बने हुए चित्रों के बारे में बताते हुए प्रो शिखा सिंह ने बताया कि आज के आपा-धापी वाले समय में छात्रों को अपने सांस्कृतिक विरासत को ठीक से समझना चाहिए। इसी उद्देश्य से प्रतियोगिताओं को यह विषय दिया गया।

डा आमोद कुमार राय ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सभी संकायों से छात्रों ने प्रतिभाग किया है। इन पांच कलाओं के अलावा गायन में भी छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। गायन प्रतियोगिता का आरंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। उसके पश्चात लगभग 40 छात्र छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के गीतों का गायन किया। गीतों में भक्ति, शौर्य, श्रृंगार, वियोग, शास्त्रीय, फिल्मी आदि रसों से सरोबार रहा। इन प्रतियोगिताओं में निर्णायक के तौर पर प्रो नंदिता सिंह, प्रो गोपाल प्रसाद, प्रो संदीप दीक्षित, प्रो गौरहरि बेहरा, डा अभय मल्ल, डा रजनीश श्रीवास्तव, डा महेंद्र सिंह, डा आरती यादव, डा दीपा श्रीवास्तव, डा कुशल मिश्र आदि उपस्थित थे।