आगरा में रोका गया स्वामी प्रसाद मौर्य का काफिला, दिखाए गए काले झंडे और फेंकी गई स्याही

आगरा: आगरा में स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले को रोक लिया गया। आक्रोशित अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। इतना ही नहीं, कार पर स्याही भी फेंकी गई। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तकरार भी हुई और ऐसे विरोध को देख स्वामी प्रसाद मौर्य वापस लौट गए।

फतहेबाद क्षेत्र में शुक्रवार (3 मई) को स्वामी प्रसाद मौर्य पहुंचे थे। उनके आगमन की जानकारी जैसे ही अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं को हुई तो वे एकजुट हो गए। फतेहाबाद चौराहे पर स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले को रोक लिया गया। इस दौरान जोरदार नारेबाजी के साथ स्वामी प्रसाद मौर्य वापस जाओ के नारे लगना शुरू हो गए।

स्‍वामी प्रसाद मौर्य को लौटना पड़ा वापस

पुलिस ने किसी तरह  हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं के रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन गुस्सा शांत नहीं हो पा रहा था। इस दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले को काला झंडा दिखाते हुए उनकी कार पर स्याही फेंक दी गई। स्थिती को काबू में करने के लिए पुलिस आगे आई तो महासभा के कार्यकर्ताओं से तीखी तकरार हो गई। इसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य यहां से वापस लौट गए।

इस दौरान अखिल भारत हिंदू महासभा के संजय जाट, मनीष पंडित, सौरभ शर्मा, अंकित चौहान, बाबू भाई, मनीष कुमार, फतेहाबाद विधानसभा अध्यक्ष महेंद्र महंत, राधेश्याम दास महाराज, शांति भाई, वीरेंद्र सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।