लखनऊ: महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के श्रमिकों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। इन लोगों का अब बहुत जल्द ही भुगतान होगा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के प्रयासों से केंद्र सरकार से करीब रू01027 करोड़ की धनराशि जारी कर दी गई है।
प्रदेश के मनरेगा मजदूरों की मजदूरी के भुगतान हेतु वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिये केंद्रीय सहायता के प्रथम भाग की दूसरी किस्त जारी कर दी गई है। केंद्र से मिली सहायता से मनरेगा श्रमिकों के बकायेदारी भी दूर होगी। जल्द ही श्रमिकों के खाते में उनकी मजदूरी का भुगतान पहुंचेगा
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए लगातार काम कर रही है। श्रमिकों की मजदूरी उनके खाते में ससमय पहुंचे, इसे सुनिश्चित किया जा रहा है। मनरेगा के लिए श्रमांश मद में जारी धनराशि के लिए केंद्र सरकार के प्रति श्रमिकों की ओर से उप मुख्यमंत्री ने आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्तर प्रदेश के लिए 26 करोड़ मानव दिवस सृजन का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं, जिसके सापेक्ष अब तक प्रदेश द्वारा 8.30 करोड़ से ज्यादा मानव दिवस सृजित कर लिये गये हैं। ग्राम्य विकास आयुक्त जी एस प्रियदर्शी ने बताया कि मनरेगा योजना के अंतर्गत श्रमांश मद के लिए केंद्र द्वारा करीब रु01027 करोड़ की धनराशि निर्गत की गई है, इस धनराशि से श्रमिकों का बकाया भुगतान किया जा सकेगा। बहुत जल्द ही श्रमिकों के खाते में उनकी मजदूरी का भुगतान भी पहुंचेगा।