सुबह 6 से रात्रि 10 बजे तक जिला प्रशासन करा रहा है रामलला का दर्शन

राम भक्तों की जानकारी रखेगा जिला प्रशासन

अयोध्या: अयोध्या में इस वक्त राम भक्तों की भारी भीड़ है जिधर देखें राम नाम की ही उद्घोष हो रहा है। लग रहा है कि देश-दुनिया के राम भक्त रामलला के दर्शन करने के लिए पलक बिछाए बैठे हैं। चारों तरफ जवान भी रामलला और राम भक्तों की सुरक्षा में लगे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हर वक्त अपनी पैनी नज़र बनाये हुए हैं तथा राम भक्तों को राम लला का सुगमता पूर्वक दर्शन करने के लिए जिला प्रशासन ने प्लान बनाया है। जिला प्रशासन अब चरणबद्ध तरीके से राम भक्तों को राम लला का दर्शन कराएगा, जिन-जिन क्षेत्रों से रामभक्त आयेंगे जिला प्रशासन उनकी जानकारी रखेगा। अलग-अलग राज्यों से राम भक्त आ रहे हैं।

समाजसेवी संगठन भी राम भक्तों को अयोध्या ला रहे हैं। सभी को चरणबद्ध तरीके से रामलला का दर्शन कराया जाएगा। कम्युनिकेशन प्लान के तहत राम भक्तों की जानकारी जिला प्रशासन रखेगा। यही नहीं जिला प्रशासन के निवेदन पर ट्रस्ट ने दर्शन का भी समय बढ़ाया है। अब सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक राम भक्त राम लला का दर्शन कर सकेंगे। डीएम नीतीश कुमार ने बताया कि चरणबद्ध तरीके से दर्शन की व्यवस्था होगी तो राम भक्त सुगमतापूर्वक रामलला का दर्शन कर सकेंगे। दर्शन के समय को भी बढ़ाया गया है, अब सुबह 6:00 से रात 10:00 बजे तक दर्शन होंगे।