शिक्षक संघ की बैठक में छाया रहा पदोन्नति, स्थानान्तरण, वेतन का मुद्दा

समस्याओं का निस्तारण न हुआ तो होगा आन्दोलन: चन्द्रिका सिंह

बस्ती: शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक बीआरसी डिलिया में जिलाध्यक्ष चन्द्रिका सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पदोन्नति, पारस्परिक स्थानान्तरण से आये शिक्षकों का वेतन जारी किये जाने, बाधित वेतन बहाल करने, बकाया वेतन निर्गत किये जाने, एनपीएस की धनराशि समय से भेजने के साथ ही जनपदीय अधिवेशन की रूप रेखा पर विचार किया गया। बैठक को सम्बोधित करते हुये संघ जिलाध्यक्ष चन्द्रिका सिंह ने कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराकर विद्यालय आवंटन किया जाना चाहिये।

विभाग की शिथिलता के कारण अनावश्यक बिलम्ब हो रहा है। यदि शीघ्र शिक्षकों की समस्याओं का समाधान न हुआ तो संघ आन्दोलन को बाध्य होगा। संघ के जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा ने कहा कि पारस्परिक स्थानान्तरण से आये शिक्षकों का वेतन वर्तमान विद्यालयों से जारी कराने का कार्य चल रहा है। शीघ्र ही प्रक्रिया पूर्ण करा लिया जायेगा। संघ इस दिशा में गंभीर है। संयुक्त मंत्री राजेश गिरी ने बैठक में कुछ शिक्षकों का बाधित वेतन बहाल किये जाने, बकाया वेतन समय से निर्गत किये जाने का मामला उठाया। कहा कि इसका शीघ्र निराकरण आवश्यक है। जिला कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव ने कहा कि जनपदीय अधिवेशन से पूर्व सभी ब्लाकों की सदस्यता और डेलीगेट सूची निर्धारित करा लिया जाए।