11th Nov Header

तमिलनाडु में महसूस हो रही ‘बहुत बड़े परिवर्तन’ की आहट, टूटेगा विपक्षी गठबंधन का घमंड: पीएम मोदी

कन्‍याकुमारी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (15 मार्च) को तमिलनाडु के कन्‍याकुमारी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु की धरती पर उन्हें ‘बहुत बड़े परिवर्तन’ की आहट महसूस हो रही है। आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का प्रदर्शन विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का ‘सारा घमंड’ तोड़कर रख देगा।

कन्‍याकुमारी में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की पूर्ववर्ती सरकार के दौरान हुए कथित घोटालों का उल्लेख किया। उन्‍होंने कहा कि दूसरी तरफ केंद्र में आज एक ऐसी सरकार है, जो विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों का जीवन आसान बना रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

बहुत दूर तक जाएगी दक्षिणी छोर से उठी लहर

पीएम मोदी ने रैली में उपस्थित जनसमूह की ओर इशारा करते हुए कहा कि देश के इस दक्षिणी छोर से जो लहर उठी है, यह बहुत दूर तक जाने वाली है। पीएम मोदी ने वर्ष 1991 में हुई भाजपा की ‘एकता यात्रा’ को याद करते हुए कहा कि उस समय उन्होंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा की थी, लेकिन इस बार वह कश्मीर से कन्याकुमारी आए हैं।

उन्होंने कहा कि देश को तोड़ने का जो सपना देखते हैं, जम्मू कश्मीर के लोगों ने ऐसे लोगों को नकार दिया है। अब तमिलनाडु के लोग भी ऐसा ही करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं तमिलनाडु की धरती पर बहुत बड़े परिवर्तन की आहट महसूस कर रहा हूं। तमिलनाडु में भाजपा का प्रदर्शन इस बार द्रमुक और कांग्रेस के ‘इंडी’ गठबंधन का सारा घमंड तोड़कर रख देगा।