गाजियाबाद: हरिद्वार से दिल्ली जा रही प्रजापति समाज की यात्रा को रोकने के बाद बवाल हो गया था। इस मामले में गाजियाबाद पुलिस ने प्रजापति समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित 17 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी पर पुलिस पर हमला करने, सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ करने और बलवा का आरोप है।
हालांकि, पुलिस ने सभी को शुक्रवार देर रात थाने से ही जमानत दे दी। बवाल में दो सब इंस्पेक्टर सहित 5 पुलिसकर्मी चोटिल बताए गए। इधर, प्रजापति समाज की ओर से भी लगभग 16 लोग घायल हैं, जिन्होंने सरकारी अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया है। फिलहाल, गाजियाबाद पुलिस की इस कार्रवाई से प्रजापति समाज के लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।
राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए निकाल रहे थे यात्रा
प्रजापति समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए एक संकल्प यात्रा 27 फरवरी को हरिद्वार से शुरू हुई थी, जो दिल्ली के जंतर-मंतर तक जानी थी। 29 फरवरी को ये यात्रा गाजियाबाद जिले के मोदीनगर में पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दी।
इस पर कई घंटे विवाद हुआ, जिसके बाद यात्रा आगे बढ़ गई। एक मार्च को ये यात्रा गाजियाबाद के साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया साइट-4 इलाके में पहुंची। यहां फिर पुलिस द्वारा यात्रा रोके जाने पर खूब बवाल हुआ। प्रजापति समाज का आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जिसमें इसमें तमाम लोग घायल हो गए।