लखनऊ: आम चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत सभी सियासी दल चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस बीच बस्ती के हरैया विधायक अजय सिंह ने बीते रविवार (31 मार्च) को एक पत्र जारी कर जिला सुरक्षा समिति से अपनी सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों को हटाए जाने की अपील की।
दरअसल, पत्र जारी कर विधायक अजय सिंह ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों की समय सीमा बढ़ाने के लिए शासन और जिला सुरक्षा समिति को पत्र लिखना था। इसके उत्तर में विधायक ने पत्र लिखा कि मेरे सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मियों पर होने वाला व्यय सरकार पर अनावश्यक है। अत: मेरी सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को हटा लिया जाए, इसमें मुझे कोई आपत्ति नहीं है।
पढ़े-लिखे विधायक हैं अजय सिंह
बता दें कि विधायक अजय सिंह वकालत की पढ़ाई के साथ-साथ एमबीए डिग्री धारी हैं और उन्होंने अपनी पढ़ाई के बाद 10 साल निजी क्षेत्र में नौकरियां भी की हैं। हरैया की जनता ने अजय सिंह को दूसरी बार सदन में विधायक बनाकर भेजा है। उच्च शिक्षित होने का नतीजा यह रहा कि हरैया के विकास के लिए उन्होंने सदन में आवाज उठाई और क्रमबद्ध तरीके से हरैया के विकास को गति प्रदान की।
भाजपा विधायक अजय सिंह ने बताया कि मौजूदा सरकार की शासन व्यवस्था इतनी मजबूत है कि इसमें एक आम आदमी की भी सुरक्षा की पूरी गारंटी है। इस स्थिति में एक विधायक के रूप में हम चाहते हैं कि हमारी सुरक्षा पर बेवजह सरकारी धन खर्च न हो, इसलिए हमने सुरक्षा हटाने के लिए पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार में प्रदेश के एक आम व्यक्ति भी सुरक्षीत है, इसलिए अजय सिंह ने पत्र लिखकर उनकी सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को हटाने की अपील की है।