आने वाली पीढ़ी के भविष्य का फैसला करेगा ये चुनाव, पुलिस की नौकरी पर भी है खतरा: अखिलेश यादव

एटा/अलीगढ़: समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोमवार (29 अप्रैल) को एटा जिले में पार्टी प्रत्याशी लिए वोट मांगे। इस दौरान सपा मुखिया ने कहा कि ये चुनाव आने वाली पीढ़ी के भविष्य का फैसला करेगा। वो लोग संविधान को खत्म करना चाहते हैं, संविधान के भक्षक हैं। हम लोग रक्षा करना चाहते हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि एटा के लोगों को बीजेपी ने बहुत धोखा दिया है। इनका हर वादा झूठा निकला। उन्‍होंने सवाल करते हुए कहा कि कोई बताए क्या आय दोगुनी हुई। 10 साल में एक लाख किसानों ने आत्महत्या की है। नौजवानों का भविष्य खत्म कर दिया गया है। हर परीक्षा का पेपर लीक हो रहा है। सपा अध्‍यक्ष ने संघ को सबसे खतरनाक परिवार बताया। उन्होंने कहा कि यादवों का नाम लेकर हमें बदनाम करते हैं, पीडीए परिवार घबराए हुए हैं। झूठे मुकद्दमे लगाए गए। कोरोना वैक्सीन लगाने वाली कंपनी को डराकर चंदा वसूला गया।

सपा सरकार बनने पर भरेंगे 30 लाख रिक्‍त पद

इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हाथरस के सिकंदराराऊ पहुंचकर जनसभा की। यहां उन्‍होंने महंगाई और बेरोजगारी पर भाजपा को घेरा और कहा कि देश में लगातार बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्‍होंने भाजपा पर युवाओं की एक तिहाई जिंदगी खराब करने का आरोप लगाया है। हाथरस के सिकंदराराऊ में आयोजित सभा में उन्होंने कहा नौकरी नहीं मिल रही हैं। पेपर लीक हो रहे हैं। ये कैसी सरकार है, जो अपने लीकेज नहीं रोक पा रही। सपा सरकार बनने पर 30 लाख रिक्त पद भरे जाएंगे। अग्निवीर वाली आधी नौकरी खत्म की जाएगी।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि खाकी वर्दी वाले अन्याय कर रहे हैं। इन्हें बता देते हैं कि अभी फौज की नौकरी चार साल की है, अगर दोबारा भाजपा आई तो पुलिस की नौकरी तीन साल कर कर देंगे। किसी को पता था कि अग्निवीर के हक को यह मारेंगे। ट्रेन, एयरपोर्ट, बंदरगाह सब बिक गए हैं। जब ये सब हो सकता है तो खाकी वालों की नौकरी भी तीन साल की हो सकती है। सपा ने एंबुलेंस चलाई, भाजपा ने खराब कर दी। सौ नंबर गाड़ी को 112 कर दिया। अपना नंबर बढ़ा दिया। पुलिस को लगा कि उन्हें भी वसूली बढ़ानी चाहिए। भाजपा के कार्यकाल में महंगाई बढ़ी है।