माफियागिरी करने वाले मिट्टी में मिलने को तैयार रहें: सीएम योगी

प्रयागराज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज में माफिया और समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए चेतावनी दी कि अब कोई माफियागिरी करने का दुस्साहस करेगा तो मिट्टी में मिलने की तैयारी भी कर ले। उन्होंने कहा कि सपा आती है तो माफिया और बदमाश लेकर आती है, जबकि भाजपा विकास और बदलाव लेकर आती है। मुख्यमंत्री योगी ने कसारी-मसारी में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई भूमि पर पद्मलोक आवास योजना के तहत 602 आवासों का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कसारी-मसारी को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित करने और महाराजा बिजली पासी के नाम पर राजकीय आईटीआई बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री योगी ने 9,811 वर्ग मीटर भूमि पर 191 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले आवासों का मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत पीपलगांव में निर्मित 556 आवासों की चाबियां भी लाभार्थियों को वितरित कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रयागराज विरासत और विकास की नई पहचान बना रहा है।

अतीक-अशरफ के सामने घुटने टेकती थीं पिछली सरकारें
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कभी प्रयागराज में माफिया अतीक और अशरफ जिस जमीन पर पैर रख देते थे, वह उनकी हो जाती थी। तत्कालीन सरकारें उनके सामने घुटने टेककर मौन रहती थीं। माफिया सड़कों पर असलहे लहराते थे और बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी। इसी धरती पर विधायक राजू पाल की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई। उन्होंने कहा कि असुरक्षित वातावरण में न विकास हो सकता है, न निवेश आ सकता है और न युवाओं को रोजगार मिल सकता है।

माफिया के अस्तबल की जमीन पर बसेंगे 1200 परिवार
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कसारी-मसारी की करीब 15 बीघा जमीन पर अतीक अहमद और उसके गुंडों ने कब्जा कर अस्तबल और अय्याशी का केंद्र बना रखा था। सरकार ने उसके अवैध साम्राज्य को ध्वस्त कर जमीन मुक्त कराई। अब यहां पहले चरण में 602 और दूसरे चरण में 598 आवास बनाए जाएंगे। कुल 1200 परिवारों के करीब छह से साढ़े छह हजार लोगों के लिए आधुनिक टाउनशिप विकसित होगी। इसमें बाजार, पार्क, खेलकूद, जिम और अन्य आवश्यक सुविधाएं होंगी। प्रयागराज विकास प्राधिकरण इसकी व्यवस्था करेगा। इससे पहले लूकरगंज में भी माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर 86 गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

कब्जा किया तो बाप-दादों की कमाई भी जब्त कर लेंगे
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब कोई किसी की संपत्ति पर कब्जा नहीं कर सकता। यदि किसी ने ऐसा किया तो उसकी बाप-दादों की कमाई भी जब्त कर ली जाएगी। उस संपत्ति पर भी गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले इस इलाके में पुलिस की गाड़ी तक नहीं आ पाती थी। आज यहां सात से 14 मीटर तक चौड़ी सड़कें हैं और आवागमन सुगम हुआ है।

सपा ने यूपी की पहचान पर खड़ा किया था संकट
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लोगों के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था। पहले यूपी का नाम सुनकर लोग सौ कदम दूर भागते थे। आज उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर गले लगाने आते हैं। प्रयागराज, काशी और अयोध्या की पहचान सम्मान का विषय बन गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और सुशासन के कारण उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है।

कसारी-मसारी अब श्रीकृष्णपुरी के रूप में होगा विकसित
मुख्यमंत्री योगी ने विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह के आग्रह पर कसारी-मसारी को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां बनने वाले गरीबों के आवास और आधुनिक टाउनशिप सहित पूरे क्षेत्र को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे पूरे क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।

महाराजा बिजली पासी के नाम पर बनेगा राजकीय आईटीआई
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि महाराजा बिजली पासी 12वीं सदी के प्रतापी राजा थे। उन्होंने लखनऊ और आसपास 12 किलों का निर्माण कराया था। वह विदेशी आक्रांताओं के काल में सनातन धर्म के प्रबल रक्षक थे। उनके नाम पर राजकीय आईटीआई का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इससे पहले तेलियरगंज में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाशय मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने बताया कि मसुरियादीन पासी स्वतंत्र भारत में विधायक और चार बार सांसद रहे। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

65 लाख गरीबों को मिले पक्के मकान
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में 65 लाख गरीबों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव गरीबों, दलितों और वंचितों को आवास, राशन कार्ड, बिजली, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से सरकारी नौकरी के अवसर उनके नजदीक आए हैं।

प्रयागराज को मिल रही विकास की नई पहचान
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रयागराज में गंगा नदी पर बड़े पुल का निर्माण कराया जा रहा है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है। महाकुंभ के दौरान सड़कों का चौड़ीकरण हुआ। गंगा एक्सप्रेसवे से प्रयागराज और दिल्ली के बीच सफर का समय कम होकर करीब सात घंटे होगा। उन्होंने जनता से जनप्रतिनिधियों पर आशीर्वाद बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि विकास और सुरक्षा की चिंता सरकार करेगी।

माफिया के समूल नाश का संकल्प लेकर आगे बढ़े मुख्यमंत्री योगी : नंदी
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। प्रदेश को लेकर देश और दुनिया की धारणा में बड़ा बदलाव आया है। मुख्यमंत्री योगी ने सत्ता संभालते ही गुंडों और माफिया के समूल नाश का बीड़ा उठाया था, जिसका परिणाम आज सामने है। पद्मलोक आवास योजना गरीबों की प्रगति के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

प्रदेश में केवल योगीवाद होना चाहिए : स्वतंत्र देव सिंह
कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में बेटियां निर्भय होकर आवागमन कर रही हैं। गरीब परिवारों के बच्चे पुलिस में दरोगा और सिपाही बन रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भर हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में न जातिवाद, न क्षेत्रवाद, न व्यक्तिवाद, न परिवारवाद और न वंशवाद, केवल योगीवाद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा फिर आई तो माफिया जमीनों पर दोबारा कब्जा कर लेंगे।

पहले माफिया से हाथ मिलाते थे मुख्यमंत्री, आज गरीबों को मिल रहे घर : सिद्धार्थ नाथ सिंह
विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री इसी परिसर में आकर माफिया के लोगों से हाथ मिलाते थे। आज भगवाधारी मुख्यमंत्री योगी उसी जमीन पर गरीब परिवारों के आवासों का भूमि पूजन कर रहे हैं। यही सुशासन और विकास का अंतर है। उन्होंने कहा कि कभी इस क्षेत्र में महिलाओं और बेटियों का निकलना मुश्किल था। आज यहां गरीबों के घर बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने 10 लाभार्थियों को सौंपीं आवास की चाबियां
मुख्यमंत्री योगी ने पीपलगांव के 556 आवासों के लाभार्थियों में से ममता, सिंधु श्रीवास्तव, कंचन सोनी, बसंती देवी, निरुपम चक्रवर्ती, शंकर लाल कुशवाहा, प्रियंका सोनकर, ललिता पांडेय, रंजीता सोनकर और हरिशंकर मिश्रा को स्वयं चाबियां सौंपीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद प्रवीण पटेल, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, हर्षवर्धन बाजपेयी, गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, पीयूष रंजन निषाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पूजा पाल, महापौर गणेश केसरवानी, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी और पूर्व सांसद विनोद सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।