‘जिन्‍होंने भ्रष्‍टाचार किया, उन्‍हें जेल जाना ही पड़ेगा… मोदी आराम करने के लिए नहीं पैदा हुआ: प्रधानमंत्री  

करौली: लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार-प्रसार के मद्देनजर गुरुवार (11 अप्रैल) को राजस्थान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करौली-धौलपुर लोकसभा की जनता को संबोधित किया। यहां भाजपा इंदू देवी जाटव को अपना प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने कहा कि मैं गुजरात से आता हूं, पानी की दिक्कतों को भली भांति समझता हूं। हम हाथ जोड़कर बैठे नहीं रहते।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने पानी में पैसा कमाने का काम किया। बीजेपी ने उसे जवाबदेही मानकर पूरा किया। आने वाले समय में यहां घर-घर पानी पहुंचेगा, यह मोदी की गारंटी है। कांग्रेस ने नौकरियों में भी लूट के मौके तलाशे। कांग्रेस के राज में पेपर लीक इंडस्ट्री तैयार हो गई। मोदी ने गारंटी दी कि मोदी की सरकार आएगी तो पेपर लीक माफिया जेल जाएंगे। उन्‍होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि मोदी आराम करने के लिए नहीं पैदा हुआ है। मैं काम करने के लिए पैदा हुआ हूं।

फिर एक बार मोदी सरकार का किया दावा

पीएम मोदी ने इंडी अलायंस पर हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग मोदी को कितनी गालियां दे दें, लेकिन जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है, उन्हें जेल जाना ही पड़ेगा। यह मोदी की गारंटी है। मोदी ने का कहा कि करौली-धौलपुर की यह धरती भक्ति और शक्ति की धरती है। यह उस बृज का क्षेत्र है, जहां की रज भी सर पर धारण करते हैं। यहां आपका यह आर्शीवाद देश के लिए बड़ा संदेश है। चार जून को क्या परिणाम होगा, वह आज करौली में स्पष्ट दिख रहा है। करौली बता रहा है, चार जून 400 पार। पूरा राजस्थान कह रहा है…फिर एक बार मोदी सरकार।

करौली में पीएम मोदी

उन्‍होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव, कौन सांसद बनेगा या कौन नहीं बन सकता है, इसके लिए नहीं है। यह चुनाव विकसित भारत को नई ऊर्जा देने का चुनाव है। समस्याओं के आगे कांग्रेस ने हाथ खड़े कर दिए। कांग्रेस दशकों को तक गरीबी हटाओ का नारा देती रही, लेकिन मोदी ने 10 साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से बाहर निकालने का काम किया है।

कांग्रेस पार्टी पर साधा जमकर निशाना

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज मैं आपको कांग्रेस का महापाप बताता हूं, जो उन्होंने राजस्थान के सम्मान और पहचान के साथ खिलवाड़ किया था। कांग्रेस ने राजस्थान में तुष्टिकरण का खेल खेला। यह वह धरती है, जो मदन मोहन जी के विग्रह के लिए बलिदान देने के लिए तैयार हो गई। उसी धरती पर कांग्रेस मंदिरों को गिराने के लिए तैयार हो गई। यहां राम मंदिर की शोभायात्रा पर पत्थरबाजी हुई। जिस धौलपुर ने भव्य राममंदिर के लिए पत्थर भेजे। उसी राम मंदिर पर कांग्रेस के लोग कैसी-कैसी भाषा बोल रहे हैं। इनकी साथी पार्टी सनातन को नष्ट करने की बात करते हैं और कांग्रेस वाले मौन खड़े रहते हैं। इस बार जब 19 तारीख को वोट देने जाएं तो बटन ऐसे दबाइए ताकि पापियों को सजा देने संतोष मिले।

उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने पूछा कि कश्मीर से 370 हट गया तो इसमें राजस्थान का क्या वास्ता। मैं उन्हें जवाब देता हूं, कांग्रेस नेता समझ लें कि राजस्थान का कश्मीर से क्या वास्ता है। राजस्थान के बलिदानी वीर शहीदों के घर जाकर पूछो कि राजस्थान का कश्मीर से क्या वास्ता। इस मिट्टी के शहीदों की समाधियां तुम्हे बताएंगी कि राजस्थान का कश्मीर से क्या वास्ता। लोग राणा प्रताप की धरती से पूछते हैं कि कश्मीर से बाकी देश का क्या वास्ता। यह वही कांग्रेस है जिसने कच्चातिवु टापू श्रीलंका को दे दिया। इनके नेता बेशर्मी से कहते हैं कि वहां कोई रहता है क्या। कोई नहीं रहता तो क्या उसे आप दे देंगे। देश का एक खाली हिस्सा सिर्फ एक जमीन का टुकड़ा नहीं, कांग्रेस का इतिहास ही नहीं बल्कि इसके इरादे भी खतरनाक हैं।