मेरठ: भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम का दो दिवसीय एयर शो शनिवार से मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप परिसर में शुरू हुआ। शनिवार सुबह 10 बजे से जांबाज पायलटों ने आसमान में रोमांचक हवाई करतब दिखाए। इस दौरान लूप, बैरल रोल जैसे कई मैनूवर दर्शकों को देखने को मिले।
एयर शो से पहले शुक्रवार को मोहिउद्दीनपुर के आसमान में सूर्य किरण विमानों ने पूर्वाभ्यास किया। जमीन से आसमान तक कड़े सुरक्षा पहरे के बीच होने वाले प्रदर्शन को लेकर सैन्य और प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों के अनुसार एयर शो स्थल के 20 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर रोक रहेगी। शनिवार और रविवार को यातायात व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन भी लागू रहेगा। बिना पास के किसी को शो स्थल पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।