एटा: लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे और पांचवें चरण की वोटिंग को लेकर सभी सियासी दल मैदान में पुरजोर ताकत झोंक रहे हैं। इसी क्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अलीगंज के डीएवी इंटर कॉलेज मैदान में बुधवार (8 मई) को फर्रुखाबाद लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी मुकेश राजपूत के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
इस दौरान सभा स्थल पर बुलडोजर्स से आए समर्थकों ने स्टंट दिखाए। मुख्यमंत्री योगी ने यहां विपक्ष पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल हड़प जाते थे, बहन और बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। सपा की सरकार अपराधियों को बचाने का काम करती है। पूर्व सीएम कल्याण सिंह के निधन पर सपा ने संवेदनाएं व्यक्त नहीं कीं। माफिया मरा तो घर पहुंच गए, ये माफिया के समर्थक हैं।
आज चुनाव रामभक्त और रामद्रोहियों के बीच
सीएम योगी ने कहा कि पूरा चुनाव राम भक्तों के बीच और रामद्रोही के बीच होकर रह गया है। रामद्रोही कहते हैं कि राम में आस्था नहीं है, मंदिर बेकार बन गया। बुलडोजर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि द्रोहियों के लिए हमने ये आविष्कार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अपराधी तख्ती लटकाकर जान की भीख मांगते हैं। सुरक्षा और सुशासन केवल भाजपा दे सकती है। कांग्रेस और सपा का गठबंधन जेब की डकैती डालने वाला गठबंधन है। आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला है।
रामगोपाल यादव पर साधा निशाना
सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के नेता प्रो. रामगोपाल यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें कैसे अच्छा लगेगा? आतंकवादियों को बढ़ाते हैं। जिन आतंकियों ने मंदिरों और कचहरी पर हमले किए। सभी हमले 2004 से 07 तक हुए थे। सपा की सरकार ने 2012 में वापस आने पर सबसे पहले आतंकवादियों के मुकदमे वापस लिए। प्रदेश की सुरक्षा, देश के सम्मान की चिंता नहीं थी।
उन्होंने कहा कि कल तीनों सीटों पर सैफइ परिवार के परिणाम आ चुके हैं। कन्नौज का भी नंबर आने वाला है। आजमगढ़ में भी कमल खिलेगा। लोगों को विकास और सुरक्षा पर विश्वास हुआ है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज एटा जिले में गरीबों की जमीन पर कब्जा नहीं होता है। यूपी में अब कांवड़ यात्रा निकलती है, कांवड़ यात्रा पर फूल बरसते हैं। अब दंगा और कर्फ्यू नहीं लगता है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक, अटक से कटक तक देश में हुए परिवर्तन, मोदी जी के नेतृत्व में ही संभव हुए हैं। फर्रुखाबाद लोक सभा क्षेत्र एवं एटा वासियों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि देश में तीसरी बार भी प्रचंड बहुमत से ‘मोदी सरकार’ बनने जा रही है।