पूरे देश में कल ‘ब्लैक डे’ मनाएगा संयुक्त किसान मोर्चा, 26 फरवरी को ट्रैक्टर मार्च

नई दिल्‍ली: किसानों ने खनौरी बॉर्डर पर बुधवार (21 फरवरी) को एक युवा किसान की मौत के बाद दिल्ली मार्च फिलहाल रोक दिया है। गुरुवार (22 फरवरी) को किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) कोऑर्डिनेटर सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि 2 दिन हम रणनीति बनाएंगे। अगला फैसला 23 फरवरी को फैसला लिया जाएगा।

आंदोलन के 10वें दिन खनौरी और शंभू बॉर्डर पर हालात सामान्य हैं। खनौरी बॉर्डर पर 21 फरवरी को किसानों और पुलिस बीच टकराव हुआ था। यहां युवा किसान शुभकरण सिंह की मौत हो गई थी। किसानों ने आज शुभकरण की फोटो लेकर नारेबाजी की।

किसानों की पंजाब सरकार से मांग

सरवण पंधेर ने आज एक तस्वीर जारी की, जिसमें पुलिस फायरिंग करती नजर आ रही है। पंधेर ने कहा कि ये तस्वीर दिखाती है कि सीधी फायरिंग की गई है। पंजाब सरकार को हमला करने वालों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करना चाहिए। किसान नेता बलदेव सिंह ने कहा कि पुलिस ने हमारे कैंपों और ट्रैक्टर्स पर हमला किया। 167 किसान घायल हैं, जबकि 6 लापता हैं।

वहीं, संयुक्त किसान मोर्चा की चंडीगढ़ में हुई बैठक के बाद ऐलान किया गया कि कल देश भर में ब्लैक डे मनाएंगे। 26 फरवरी को ट्रैक्टर मार्च और 14 मार्च को दिल्ली रामलीला मैदान में महापंचायत होगी।