लखनऊ: PCS अफसरों की 10 जून को DPC होगी. कल 33 पीसीएस अधिकारियों को इस सूची में शामिल होने का मौका मिलेगा. इनमें से चयन 29 का ही किया जाएगा. उत्तर प्रदेश में पीसीएस अधिकारियों की आईएएस संवर्ग में पदोन्नति की प्रक्रिया को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है. इस बार आईएएस में पदोन्नत होने वाले पदों की संख्या बढ़ने के कारण 2010 और 2011 बैच के साथ-साथ 2012 बैच के कुछ अधिकारियों को भी पदोन्नति का अवसर मिल सकता है.
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आईएएस संवर्ग में रिक्त पदों की संख्या अधिक होने के कारण शासन ने पदोन्नति कोटे में विस्तार किया है. आमतौर पर 2010 और 2011 बैच के अधिकारी ही इस प्रक्रिया में शामिल माने जाते थे, लेकिन इस बार समीकरण बदल गए हैं.
दरअसल, 2010 बैच में पीसीएस सेवा के केवल 8 अधिकारी हैं और 2011 बैच में 21 अधिकारी हैं. इस तरह दोनों बैचों को मिलाकर कुल संख्या 29 बनती है. जबकि इस वर्ष आईएएस में पदोन्नति के लिए निर्धारित पदों की संख्या इससे अधिक है. 29 अधिकारियों को पदोन्नति देने के बाद भी करीब 4 पद रिक्त बच रहे हैं.
इसी कारण शासन 2012 बैच के वरिष्ठ और योग्य अधिकारियों पर भी विचार कर रहा है. यदि प्रक्रिया इसी गति से आगे बढ़ती है तो 2012 बैच के कुछ अधिकारियों को समय से पहले ही आईएएस में शामिल होने का मौका मिल जाएगा. इससे न केवल उनका कैरियर ग्राफ तेजी से ऊपर जाएगा, बल्कि प्रशासन में अनुभव और ऊर्जा का नया संतुलन भी बनेगा.
पीसीएस अधिकारी संघ के पदाधिकारियों ने इस संभावित बदलाव का स्वागत किया है.उनका कहना है कि रिक्त पदों को भरने से फील्ड में अधिकारियों की कमी दूर होगी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी। वहीं, 2012 बैच के अधिकारियों में इस खबर से उत्साह का माहौल है.
हालांकि, अंतिम निर्णय कार्मिक विभाग और संघ लोक सेवा आयोग की सहमति के बाद ही लिया जाएगा. माना जा रहा है कि अगले एक-दो महीने में पदोन्नति सूची जारी हो सकती है. यदि 2012 बैच को शामिल किया जाता है, तो यह उत्तर प्रदेश कैडर में पिछले कई वर्षों का सबसे बड़ा बदलाव होगा.