लखनऊ: चकबंदी आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने चकबंदी विभाग के जनपदीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न जनपदों में चल रहे चकबन्दी को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं . निर्देशों के क्रम में 6 जनपदों के 7 गांवों के चकबंदी कार्यों को पूरा करा दिया गया है. यहां यूपी जोत चकबन्दी अधिनियम की धारा-52(1) के अन्तर्गत प्रख्यापन कर चकबन्दी क्रियाएं समाप्त कर दी गयी.
चौपाल का आयोजन हो रहा: वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में ग्राम चौपाल का आयोजन हो रहा है. चौपाल में आमजन का पूर्ण सहयोग मिल रहा है तथा चकबंदी कार्यों में तेजी से प्रगति हो रही है. चकबंदी आयुक्त द्वारा लम्बित चकबंदी कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गये हैं. इसी क्रम में 6 जनपदों जौनपुर, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, सीतापुर, महाराजगंज तथा लखीमपुर खीरी के 7 गांवो में चकबंदी कार्यों को पूरा कराया गया है. संबंधित जनपदों के बंदोबस्त अधिकारियों तथा जिलाधिकारियों द्वारा चकबंदी आयुक्त को प्रस्ताव भेजा गया है. इसके क्रम में चकबंदी आयुक्त ने धारा-52(1) के अन्तर्गत प्रख्यापन कर 7 गांवों में चकबंदी कार्य पूर्ण करने की स्वीकृति प्रदान की है.
इन गांवों में हुई थी चकबंदी: जौनपुर के ग्राम कैलावर में 30 वर्षों से, जनपद कौशाम्बी का ग्राम चायल 19 वर्षों से तथा जनपद प्रतापगढ़ का ग्राम बादशाहपुर 17 वर्षों से चकबन्दी प्रक्रियाधीन थी. इसमें चकबन्दी आयुक्त डा0 हृषिकेश भास्कर यशोद के सघन पर्यवेक्षण के फलस्वरूप सम्बन्धित जिलाधिकारियों व चकबन्दी विभाग के अधिकारियों द्वारा उक्त ग्रामों की चकबन्दी पूर्ण करायी गयी. इन ग्रामों की चकबन्दी पूर्ण होने से कृषकों को सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ प्राप्त हुआ है.