UP में बदला मौसम का मिजाज: 42 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, लखनऊ में बूंदाबांदी

खनऊ: पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में कहीं-कहीं पर हल्की और कहीं मध्यम बारिश दर्ज की गई. गुरुवार को सबसे अधिक बारिश गोरखपुर जिले में लगभग 20 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा बाराबंकी, मेरठ, अलीगढ़ में भी हल्की बारिश हुई. ज्यादातर जिलों में मौसम ड्राई होने और उत्तरी पूर्वी ड्राई हवा के चलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि जारी है, जिसकी वजह से ज्यादातर जिलों में दिन के समय फिर से भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है. वहीं आगरा में 2 दिन तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

मध्य उत्तर प्रदेश पर बना चक्रवर्ती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के 42 जिलों में आज गरज चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी मौसम विज्ञान विभाग ने जारी की है. जिससे गर्मी से हल्की राहत मिलेगी. उत्तर प्रदेश में शनिवार को भी ज्यादातर जिलों में ड्राई हवा के साथ दिन में तेज धूप खिलेगी, वहीं कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलेगी.

आगरा में 2 दिन तेज आंधी-बारिश की चेतावनी: ताजनगरी में मौसम विभाग ने फिर से आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिससे 2 दिन में मौसम में भारी उतार-चढ़ाव की स्थिति रहेगी. 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी.

बादल गरजने-बिजली गिरने की संभावना इन जिलों में अधिक: बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, गोंडा, श्रावस्ती, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया और आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.

मानसून की केरल में हुई एंट्री: इस बार मानसून अपने तय समय से 4 दिन देरी से केरल में एंट्री की है. मौसम विज्ञान विभाग ने समय से पहले मानसून केरल पहुंचने का पूर्वानुमान जताया था. केरल में मानसून की एंट्री होने के बाद अब मानसून धीरे-धीरे पश्चिम बंगाल और बिहार के रास्ते आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश में भी 24 जून के बीच एंट्री कर सकता है, भीषण गर्मी के बाद अब लोगों को मानसून का बेसब्री से इंतजार है.

लखनऊ में बूंदाबांदी: राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह के समय तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो रही है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज बादलों की आवाजाही रहेगी. 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चल सकती है. अधिकतम तापमान 40 न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बांदा सबसे गर्म जिला: गुरुवार को उत्तर प्रदेश का बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज गरज चमक के साथ हल्की बारिश और आंधी आने की संभावना है. आने वाले 1-2 दिनों तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा. ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहेगा धूप खिलेगी. आने वाले 1 सप्ताह के अंदर अधिकतम तापमान में 4 से 6 और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जाएगी.