लखनऊ: पश्चिमी विक्षोभ का असर UP के मौसम पर दिख रहा है. कई जिलों में बादलों की आवाजाही है. तेज हवाओं की वजह से थोड़ी सिहरन बढ़ गई है. प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
बुधवार को उत्तर प्रदेश के कुछ जिले में हल्की बारिश हुई. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलो में 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. पश्चिमी विक्षोभ का असर गुरूवार से कम हो जाएगा. इसके बाद आने वाले 7 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा.
अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा. न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी. बुधवार को आगरा, मेरठ और अलीगढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने से दिन के तापमान में गिरावट हुई. आगरा में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था, जो घटकर 24 डिग्री पर पहुंच गया.
कैसा रहा प्रदेश का मौसम: UP के कई जिलो में बादलों की आवाजाही की वजह से दिन के तापमान में कमी आई है. वही पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है. बुधवार को भोर के समय तराई वाले इलाको में हल्का कोहरा छाया रहा. दिन में आसमान साफ होने की वजह से तेज धूप खिली.
लखनऊ का मौसम: राजधानी लखनऊ में बुधवार को भोर के समय हल्का कोहरा रहा. सुबह के 6.30 बजे ही सूरज की किरणें निकलीं और 8 बजे तक तेज धूप खिल गई. दिन भर तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है.मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, गुरूवार को भोर के समय धुंध मिश्रित कोहरा छाया रहेगा. दिन में आसमान साफ रहेंगे. तेज धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. लखनऊ में गुरुवार सुबह से ही बादलों की आवाजाही है.बांदा सबसे ठंडा रहा: बुधवार को उत्तर प्रदेश का बांदा सबसे ठंडा जिला रहा. वहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह समान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान बांदा जिले में 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर गुरुवार को भी सुबह के समय तक रहेगा. इसकी वजह से कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवा चलने की संभावना है.
शुक्रवार से मौसम शुष्क रहेगा. अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा. न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी हो सकती है.