लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है. प्रदेश सरकार ने 7 पीसीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं.
जारी आदेश के अनुसार ज्योति राय, जो अभी तक बलरामपुर में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के पद पर तैनात थीं, को अब आजमगढ़ मण्डल में अपर आयुक्त बनाया गया है. वहीं बांदा के नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला को बलरामपुर में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की जिम्मेदारी दी गई है.

बुलंदशहर के उपजिलाधिकारी दिनेश चन्द्र को बांदा का नया नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है. इसी तरह चंदौली की उपजिलाधिकारी दिव्या ओझा को बरेली में अपर जिलाधिकारी न्यायिक के पद पर भेजा गया है. प्रयागराज के नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह और गोरखपुर के नगर मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव का भी आपस में तबादला किया गया है. विनय कुमार सिंह अब गोरखपुर के नगर मजिस्ट्रेट होंगे जबकि उत्कर्ष श्रीवास्तव प्रयागराज में नगर मजिस्ट्रेट का पद संभालेंगे.
सबसे अहम बदलाव लखनऊ को लेकर है. जन भवन में तैनात निधि पाण्डेय को अब लखनऊ का उपजिलाधिकारी बनाया गया है. निधि पाण्डेय के आने से राजधानी में प्रशासनिक कामकाज को नई गति मिलने की उम्मीद है. नियुक्ति एवं प्रशासनिक विभाग की ओर से कहा गया है कि सरकार द्वारा किए गए इन तबादलों को प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और फील्ड में बेहतर तालमेल के उद्देश्य से देखा जा रहा है. अधिकारियों को जल्द से जल्द नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं.