यूपी: कासगंज हादसे में अब तक 24 मौतें, गंगा स्नान करने जा रहे थे सभी

कासगंज: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में शनिवार (24 फरवरी) सुबह एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलटने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें अब तक 24 लोगों की मौत हो गई है। ट्रॉली में 54 लोग सवार थे, मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। बताया जा रहा है कि सभी लोग एटा के जैथरा के रहने वाले हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसा स्पीड के कारण हुआ। ड्राइवर के कंट्रोल खोने से ट्रैक्टर सड़क से उतरकर तालाब में जा गिरा। ये लोग माघी पूर्णिमा पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से कासगंज स्थित कादरगंज घाट पर गंगा स्नान करने जा रहे थे, उसी वक्‍त रियावगंज पटियाली मार्ग पर गढ़ई गांव के पास हादसा हुआ। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग पहुंचे। देखते-देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

सड़क से 20 फीट गहरा है तालाब

कासगंज- फर्रुखाबाद हाईवे पर जिस जगह हादसा हुआ है, यह जगह दरियागंज से 2 किलोमीटर दूर है। जबकि, कासगंज जिला मुख्यालय से घटनास्थल की दूरी 48 किलोमीटर है। तालाब की हाईवे से गहराई 20 फीट है, जिसमें 9 से 10 फीट पानी भरा है।

जैथरा गांव में पसरा सन्नाटा  

24 लोगों की मौत के बाद एटा के जैथरा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के लोग उनके घरों में पहुंच गए हैं, जहां पर किसी की मौत हुई है। खुशी वाले गांव में सिर्फ रोने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। गांव की महिलाएं घरों में पहुंचकर पीड़ित परिवार को संभाल रही हैं।

22 शवों की हुई शिनाख्त

तालाब से 22 शवों को निकाला गया है। जिसमें कसा गांव की शकुंतला पत्नी वीरपाल, शिवानी पत्नी राजेश, गायत्री पत्नी रजनेश, उमा देवी पत्नी शिवम, रामबेटी पत्नी खुन्नूलाल, रामलता पत्नी रनवीर, सपना पत्नी गौरव, जविता पत्नी संदीप, कुलदीप पुत्र मुकेश, कार्तिक पुत्र राजेश, अंशुली पुत्री राजेश, देवांशु पुत्र भूरे और अवनेश पुत्र राजेंद्र शामिल हैं। इनके शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

कमिश्नर रवेन्द्र कुमार ने बताया कि ट्रॉली पर 54 लोग सवार थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटकर तालाब में गिरी है। 22 लोगों की मौत हुई है। घायलों का बेहतर इलाज किया जा रहा है। ये सभी लोग एटा के रहने वाले थे। इनके गांव में पुलिस की टीम और जांच अधिकारी को भेजा गया है।

सीएम योगी ने किया आर्थिक सहायता देने का ऐलान

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ समेत कई मंत्रियों, सांसद व विधायकों ने इस घटना पर शोक जताया है। उन्‍होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्‍यक्‍त करते हुए घायलों के जल्‍द स्‍वस्‍थ्‍य होने की कामना की है। वहीं, सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।