11th Nov Header

Congress: इन पुराने नेताओं को चुनाव लड़ा सकती है कांग्रेस, राज बब्बर का नाम सबसे आगे

Congress News: 2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी के विजय रथ को रोकने के लिए विपक्षी एकजुट हुए और इंडिया गठबंधन बनाया। हालांकि, चुनाव से पहले इस गठबंधन की गांठ खुलने लगी है। इसी बीच यूपी में इस गठबंधन को मजबूत रखने के लिए तमाम कोशिशें जारी हैं। इंडिया गठबंधन में सपा और कांग्रेस के बीच उन प्रत्याशियों के नाम साझा किए गए हैं, जिन सीटों की पेशकश सपा की ओर से कांग्रेस के लिए की गई है। सूत्रों की मानें तो बलिया से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और रामपुर से पूर्व सांसद बेगम नूरबानो प्रत्याशी हो सकती हैं। हालांकि, इन उम्मीदवारों की सूची अभी आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार सपा की ओर से कांग्रेस के लिए बलिया, फतेहपुर सीकरी, रामपुर, महराजगंज, बाराबंकी, सुल्तानपुर, कानपुर, सहारनपुर, भदोही और बहराइच सीटों की पेशकश की गई है। रायबरेली और अमेठी सीट पर दोनों दलों के बीच गठबंधन न होने पर भी सपा प्रत्याशी नहीं उतारती रही है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस फतेहपुर सीकरी से राजबब्बर को लड़ाने पर विचार कर रही है। महराजगंज से कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत को उतारने की तैयारी है, पिछले चुनाव में कांग्रेस ने सुप्रिया को टिकट दिया था, पर वो हार गई थीं।

वहीं, बाराबंकी से कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया के पुत्र तनुज पुनिया का नाम है, जबकि सुल्तानपुर से पूर्व एमएलसी दीपक सिंह प्रत्याशी हो सकते हैं। सहारनपुर से पूर्व सांसद इमरान मसूद, भदोही से पूर्व सांसद राजेश मिश्रा का नाम है। बहराइच से पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो और ललन कुमार का नाम साझा किया गया है। हालांकि, कमल किशोर कमांडो के लिए कांग्रेस बांसगांव सीट मांग रही है, पर सपा यह सीट उन्हें देने के लिए तैयार नहीं है।