लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा केन्द्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना द्वितीय के अन्तर्गत प्रदेश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल सीतापुर स्थित नैमिषारण्य एवं प्रयागराज की लगभग 29 करोड़ रूपये की दो परियोजनाओं का शिलान्यास किये जाने पर आभार व्यक्त किया है। उन्होने कहा, दोनों पर्यटनों स्थलों को स्वदेश दर्शन योजना में शामिल किये जाने से प्रदेश के पर्यटन को नयी उड़ान मिलेगी। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश को पर्यटन का हब बनाने के लिये इन दोनों परियोनजाओं की सौगात दी है। उन्होने कहा कि नैमिषारण्य की परियोजना की लागत लगभग 15.95 करोड रुपये तथा प्रयागराज की परियोजना की लागत 13.02 करोड़ रूपये है। उन्होने कहा कि इन परियोनजाओं के धरातल पर उतरने से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही रोजगार के नये अवसर तथा होटल, रेस्टोरेन्ट, टूर ऑपरेटर आदि के कारोबार बढ़ेगे।
पर्यटन मंत्री आज पर्यटन मीटिंग हॉल, सत्संग भवन, रेलवे स्टेशन रोड, नीमसार सीतापुर में प्रधानमंत्री द्वारा श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर से एक केन्द्रीकृत वर्चुअल समारोह के माध्यम से इन परियोजनाओं के शुभारम्भ एवं लोकार्पण के अवसर पर उपस्थित थे। उन्होने इस अवसर पर सम्बोधित करते हुये कहा कि पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रदेश के विशाल आकार तथा सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यटन की असीम सम्भावनाओं को दृष्टिगत रखते हुये प्रधानमंत्री ने प्रयागराज एवं नैमीषारण्य को अन्तर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किये जाने के लिये स्वदेश दर्शन स्कीम द्वितीय के तहत चयनित किया है।
जयवीर सिंह ने कहा कि समेकित पर्यटन विकास हेतु पहले चरण में प्रयागराज के आजाद पार्क एवं देखों प्रयागराज ट्रेल एक्सपीरियन्स योजना के अन्तर्गत टूरिस्ट इन्फारमेशन सेन्टर, आजाद मेमोरियल प्लाजा का उच्चीकरण, विक्टोरिया मेमोरिया लैण्ड स्केप का उच्चीकरण, कल्प वृक्ष लैण्डस्केप का उच्चीकरण, एडवेन्चर पार्क, सीसीटीवी, ट्रैवलर्स नूक, गेट अपग्रेडेशन, देखो प्रयागराज वल्र्ड आर्ट, मिनी बस, पार्किंग एवं टॉयलेट आदि कार्यों हेतु रू0 13.02 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होने कहा कि नैमिषारण्य में वैदिक वेलनेस एक्सपीरियन्स योजना के अन्तर्गत गोमती नदी में जेट्टी एवं बोट्स, ध्वनि एवं प्रकाश शो समेत अन्य कार्यों के लिए लगभग 15.95 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।