लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 की 543 सीटों पर की मतगणना जारी है। इसी बीच देश के तमाम हिस्सों से सामने आए रुझानों के बीच एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच तगड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। यूपी से सामने आए रुझानों में बड़ा उलटफेर दिखाई दे रहा है। सपा ने भाजपा के गढ़ में सेंध लगाते हुए बढ़त बना ली है।
अभी तक की हुई काउंटिंग के बीच उत्तर प्रदेश को लेकर चुनाव आयोग का पहला रुझान सामने आया है। इसके मुताबिक बुलंदशहर सीट पर भाजपा के भोला सिंह 3044 वोटों से आगे हैं तो वहीं कांग्रेस के शिवराम और बसपा के गिरीश चंद्र पीछे हैं। इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर में भाजपा प्रत्याशी महेश शर्मा 3915 वोटों से आगे हैं। इस सीट पर सपा के महेंद्र सिंह नागर और बसपा के राजेंद्र सिंह सोलंकी फिलहाल पीछे चल रहे हैं तो वहीं यूपी में अभी तक 2 सीटों पर कांग्रेस, 5 पर सपा और 6 पर भाजपा आगे है। कांग्रेस सहारनपुर, सीतापुर तो वहीं सपा फिरोजाबाद और आंवला, बिजनौर, मोहनलालगंज, फर्रूखाबाद में आगे चल रही है।
मैनपुरी से डिंपल यादव आगे
इसके अलावा भाजपा हरदोई, संतकबीरनगर, मिश्रिख, बुलंदशहर और गौतमबुद्ध नगर में आगे बढ़त बनाए हुए है। तो वहीं मैनपुरी से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव आगे चल रही हैं। इस तरह से जहां भाजपा के यूपी में लोकसभा की सभी 80 सीटें जीतने का दावा उसके हाथ से फिसलते हुए दिखाई दे रहा है। बता दें कि राजनीति में माना जाता है कि दिल्ली की सत्ता का रास्ता यूपी से होकर जाता है। इसीलिए सभी राजनीतिक दलों का प्रयास रहता है कि यूपी में अधिक से अधिक सीटें अपने नाम कर ली जाए।
