UP: पीएम मोदी ने 32 तो सीएम योगी ने 159 सभाएं की, रोड शो भी किए

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए करीब ढाई महीने तक चला प्रचार अभियान बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया। चुनाव के अंतिम चरण की 13 सीटों पर शनिवार को मतदान होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत सभी दलों के दिग्गज नेता प्रचार के अंतिम दिन तक मैदान में डटे रहे।

भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी ने जहां यूपी में कुल 32 जनसभा के जरिए 58 लोकसभा प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया, वहीं वाराणसी समेत कुल पांच शहरों में रोड शो भी किया। वहीं मुख्यमंत्री योगी ने देशभर में कुल 205 जनसभाएं और रोड शो किए। इसमें सिर्फ यूपी में 159 सभाएं की। वहीं, जेपी नड्डा ने यूपी में कुल नौ और अमित शाह मे 38 जनसभाएं और रोड शो किए। बता दें कि अंतिम चरण के लिए शनिवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर बृहस्पतिवार को प्रचार का अंतिम दिन था। इसलिए अंतिम क्षण तक भाजपा के सभी नेता प्रचार अभियान में डटे रहे।

अंतिम दिन मोदी-योगी रहे यूपी से बाहर

हालांकि अंतिम दिन प्रचार में पीएम मोदी और सीएम योगी ने यूपी से बाहर चुनाव प्रचार किया। यूपी में पीएम मोदी ने 26 मई को मिर्जापुर, गाजीपुर और बांसगांव में अंतिम सभा की। जबकि सीएम योगी बुधवार को गोरखपुर में अंतिम रोड किया। प्रचार के अंतिम दिन मोदी पंजाब तो योगी ने भी हिमाचल और पंजाब में प्रचार किया।

पीएम के साथ सीएम की जनसभा

सहारनपुर, पीलीभीत, मेरठ, अमरोहा, अलीगढ़, आगरा, इटावा, बाराबंकी, मोहनलाल गंज, बस्ती, डुमरियागंज, संत कबीर नगर, गाज़ीपुर,, लालगंज, मीरजापुर, रॉबर्ट्सगंज

मोदी के साथ योगी ने यहां किया रोड शो

ग़ाज़ियाबाद, बरेली, कानपुर, अयोध्या, वाराणसी

योगी ने में देशभर में की 205 जनसभाएं

मुख्यमंत्री ने ढाई महीने में यूपी समेत देश भर में कुल 205 जनसभाएं कीं। इनमें से 159 जनसभा सिर्फ यूपी में की। प्रचार के लिए योगी की यूपी के बाहर भी खूब मांग रही। उन्होंने कुल 16 राज्यों में 46 जनसभाएं कीं। इन राज्यों में दिल्ली, पंजाब, हिमांचल, उड़ीसा, जम्मू-कश्मीर, बिहार, बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, मप्र, महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान और चंडीगढ़ शामिल हैं ।