UP Politics: अफवाहों पर भड़कीं मायावती, कहा- ‘बीएसपी के बिना सही से दाल गलने वाली नहीं…

UP Politics: लोकसभा चुनाव से पहले यूपी कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे ने ये कहकर सियासी हलचल तेज़ कर दी थी कि बसपा सुप्रीमो मायावती के लिए इंडिया गठबंधन के दरवाजे खुले हैं, जिसे लेकर अब बसपा मुखिया की प्रतिक्रिया सामने आई है. मायावती ने तमाम बातों को जवाब देते हुए साफ कर दिया कि वो किसी के साथ गठबंधन नहीं करेंगी और अकेले ही चुनाव मैदान में उतरेंगी.

मायावती ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अकेले उतरने का उनका फैसला बदलने वाला नहीं है. उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को चेताया कि वो अफवाहों से सावधान रहें. उनकी पार्टी अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी, किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी.

UP Politics: अफवाहों पर भड़कीं मायावती, कहा- 'बीएसपी के बिना सही से दाल गलने वाली नहीं…

मायावती ने अपने कार्यकर्ताओं को चेताया

बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, ‘आगामी लोकसभा आमचुनाव बीएसपी द्वारा किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करने की बार-बार स्पष्ट घोषणा के बावजूद आएदिन गठबंधन सम्बंधी अफवाह फैलाना यह साबित करता है कि बीएसपी के बिना कुछ पार्टियों की यहाँ सही से दाल गलने वाली नहीं है, जबकि बीएसपी को अपने लोगों का हित सर्वोपरि है।’

उन्होंने कहा, ‘अतः सर्वसमाज के ख़ासकर ग़रीबों, शोषितों एवं उपेक्षितों के हित व कल्याण के मद्देनज़र बीएसपी का देश भर में अपने लोगों के तन, मन, धन के सहारे अकेले अपने बलबूते पर लोकसभा आमचुनाव लड़ने का फैसला अटल है. लोग अफवाहों से ज़रूर सावधान रहें।’