UP Weather: आगरा में पारा 37.6°C, मथुरा-झांसी और बांदा में भी बढ़ी गर्मी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी संभागों में मौसम ड्राई बना हुआ है. आसमान साफ है तेज धूप खिलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो रही है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले 2 से 3 दिनों के अंदर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जाएगी. वहीं अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से उत्तर प्रदेश के सभी संभागों में गर्मी की शुरुआत हो चुकी है. मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वानुमान जारी कर चेतावनी दी है कि इस बार भीषण गर्मी पड़ेगी और हीट वेव कंडीशन वाले दिनों में वृद्धि होगी.यूपी का सबसे गर्म शहर रहा आगरा: रविवार को यूपी का आगरा सबसे गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है.ऐसा रहेगा लखनऊ का मौसम: वहीं रविवार को लखनऊ में आसमान साफ रहा. न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि समान्य से लगभग 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि यूपी में, आने वाले 7 दिनों तक मौसम ड्राई बना रहेगा. बारिश की संभावना नहीं है, अधिकतम-न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है.