लखनऊ: यूपी में मंगलवार को मौसम विभाग ने लगभग सभी जिलों में बादलों की आवाजाही और कुछ जगहों पर गज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है.
बता दें, उत्तर प्रदेश में वर्तमान समय में कोई मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, जिसकी वजह से दक्षिणी-पश्चिमी मानसून कमजोर पड़ रहा है. पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 7 मिलीमीटर के सापेक्ष 0.6 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि समान से 92% कम है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 4.2 मिली मीटर के सापेक्ष 0.7 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 87% कम है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट: सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बिजनौर, अमरोहा, बांदा, चित्रकूट, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, संत रविदास नगर, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, पीलीभीत, बरेली, शाहजहांपुर और उनके आसपास के इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
3% कम हुई बारिश: यूपी की बात की जाए तो 1 जून से 14 सितंबर तक अनुमानित बारिश 685 मिनी के सापेक्ष 666 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 3% कम है.
लखनऊ में झमाझम रेन अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बस्ती सबसे गर्म जिला: सोमवार को प्रदेश का बस्ती सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बाराबंकी जिले में 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया, मंगलवार को उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली भी गिर सकती है. आने वाले 24 घंटे के बाद बारिश की सक्रियता में कमी आएगी, और आने वाले दिनों में उत्तरोत्तर बारिश में कमी होगी.

