11th Nov Header

UP Weather: बारिश से सर्दी के तेवर हुए तीखे, अगले तीन दिन घना कोहरा,बढ़ी 12वीं तक के स्कूलों की छुट्टी

आगरा:  आगरा में बारिश के बाद गलन ने कंपकंपी छुड़ा दी है। रविवार को पूरे दिन सूरज की लुकाछिपी रही। सर्द हवा ने लोगों को घर में कैद रहने के लिए मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक, अगले तीन दिन घना कोहरा छाएगा। 15 को फिर बारिश के आसार भी हैं।
थमी ट्रेनों की रफ्तार
 उधर, कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार थम गई है, बसों को भी निरस्त किया जा रहा है। बारिश से आलू की फसल को नुकसान हुआ है। शनिवार को सात मिमी बारिश रिकाॅर्ड की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री कम रहा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान में दर्ज की गई गिरावट
इसमें सामान्य से 4.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को कोहरे के साथ सुबह हुई। पूरे दिन बादलों की लुकाछिपी रही। धूप भी सर्दी से राहत नहीं दे सकी। बाजारों में रौनक कम नजर आई। शाम को सर्द हवा से लोग परेशान हो गए। स्मारकों पर भी पर्यटकों की आमद कम रही। लोग अलाव तापते नजर आए। कई इलाकों में बारिश से कीचड़ और फिसलन हो गई।
स्कूल बंद करने के निर्देश
शीत लहर और ठंड के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी ने एक बार फिर स्कूलों का अवकाश बढ़ाया है। 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश बढ़ा दिया गया है। अब सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक और सभी सरकारी व निजी विद्यालय 15 जनवरी को खुलेंगे। इसके साथ ही कहा गया है कि स्कूल अपने अनुसार ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कर सकेंगे। वहीं शिक्षक स्कूल प्रबंधन के निर्देशानुसार कार्य कर सकेंगे।