लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान ज्यादातर इलाकों में मौसम ड्राई रहा. वहीं बुंदेलखंड के झांसी और उरई जिले में हल्की बारिश भी हुई. जिसके प्रभाव से बुंदेलखंड वाले जिलों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कमी भी रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य और सामान्य से अधिक होने के कारण गर्मी में वृद्धि हुई है. मौसम विज्ञान विभाग में आने वाले 3 दिनों तक उत्तर प्रदेश से आइसोलेटेड इलाकों में हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की है.
3 दिन बाद गर्मी से फिर मिलेगी राहत: सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज रफ्तार हवा चलने के बाद, हीट वेव कंडीशन और भीषण गर्मी से प्रदेशवासियों को राहत मिलेगी.
(लू) चलने की संभावना इन जिलों में अधिक: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.
लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार को राजधानी लखनऊ में आसमान साफ रहेंगे. दिन में तेज धूप खिलेगी, अधिकतम तापमान में सोमवार के मुकाबले 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
राजधानी लखनऊ में सोमवार को तेज धूप खिली दिन में कुछ देर के लिए तेज रफ्तार हवा चलने के साथ ही बादलों की आवाजाही रही. कुछ इलाकों में बहुत ही हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन इसके बाद फिर से मौसम बदल गया. उमस भारी भीषण गर्मी दिन भर जारी रही.
वाराणसी सबसे गर्म जिला: सोमवार को प्रदेश में काशी सबसे अधिक गर्म जिला रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं बिजनौर जिले में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 2 से 3 दिनों तक कुछ इलाकों में हीट वेव चलेगी. वहीं एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से 48 घंटे बाद प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी. जिसके कारण 12 जून से प्रदेश में हीट वेव कंडीशन समाप्त हो जाएगी. कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चने की भी संभावना है.