UP Weather Update: 48 घंटे में फिर बदलेगा मौसम, बारिश और तेज आंधी का अलर्ट

लखनऊः यूपी में एक बार फिर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस बार ये अलर्ट 17 और 18 फरवरी के लिए जारी किया गया है. मौसम विज्ञानियों की मानें तो बीते 24 घण्टों के दौरान उत्तर प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं पर हल्का कोहरा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं पर मध्यम कोहरा के छाए रहने की संभावना है.

इस वजह से बदलेगा मौसम: मौसम विज्ञानियों की मानें तो उत्तर प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से मौसम शुष्क बना हुआ है. अधिकतम न्यूनतम तापमान सामान्य तथा सामान्य से ऊपर चल रहा है. इसकी वजह से दिन के समय होने वाली ठंडक कम हुई है. रात व सुबह के समय ठंडक बरकरार है. कोहरा भी ज्यादातर इलाकों में गायब है. वही आने वाले दिनों के लिए मौसम विज्ञान विभाग में अलर्ट जारी किया है. 16 फरवरी को सक्रिय हो रहे एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश के मौसम पर असर पड़ेगा. इसकी वजह से पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज चमक के साथ बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चलने व बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.बादलों की आवाजही रहेगी: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही रहेगी. उसके बाद फिर से मौसम सामान्य होगा और अधिकतम स्थान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होगी.

लखनऊ के मौसम पर एक नजर: राजधानी लखनऊ में शनिवार को मौसम सामान्य रहा. सुबह व रात के समय हल्की ठंडक पडने के साथ ही दिन में आसमान साफ रहा. तेज धूप खिली. अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य है.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को सुबह व शाम के समय हल्की धुंध छाई रहेगी. दिन में आसमान साफ रहेगा व तेज धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान 27 व न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

बीते 24 घंटे में अमेठी सबसे ठंडा: बीते 24 घंटे में अमेठी सबसे ठंडा रहा. यहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं, अधिक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया.

मौसम वैज्ञानिक क्या बोले: मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि आगामी 7 दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है. 17 व 18 फरवरी को प्रदेश के पश्चिमी भाग में गहरा चमक के साथ बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चल सकती है. इसके बाद फिर से मौसम सामान्य होगा.