प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती 2025 के तहत गृह विज्ञान, वाणिज्य, संस्कृत और विज्ञान विषय की प्रारम्भिक परीक्षा का परिणाम बुधवार को जारी कर दिया. इसकी प्रारंभिक परीक्षा 21 दिसंबर 2025 को प्रथम सत्र में आयोजित की गई थी. परीक्षा परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर उपलब्ध है.
गृह विज्ञान विषय में पुरुष शाखा के 206 पद, महिला शाखा के 163 पद हैं. इसके अलावा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत विशिष्ट अध्यापक (स्पर्श दृष्टिबाधित विद्यालय/समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय) के 2 पद, विशिष्ट अध्यापक (संकेत मूकबधिर विद्यालय/समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय) का 1 पद हैं.
89 हजार से अधिक अभ्यर्थी थे पंजीकृत: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार ने बताया कि गृह विज्ञान विषय में कुल 89,223 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था. इनमें से 55,475 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए थे. प्रारम्भिक परीक्षा के आधार पर कुल 2,784 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है. कुछ श्रेणियों में निर्धारित न्यूनतम दक्षता मानक अंक प्राप्त नहीं होने के कारण रिक्तियों के सापेक्ष 15 गुना अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सके.
मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम अलग से होगा जारी: आयोग ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम तथा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी. अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और कटऑफ अंक अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे. इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा.
बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम कोर्ट के निर्णय पर निर्भर: आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश से बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम राज्य सरकार द्वारा उच्च न्यायालय में दायर विशेष अपील संख्या-475 (डी)/2019 में पारित अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा.
इस क्रम में आयोग ने वाणिज्य पुरुष शाखा के 35 पदों और महिला शाखा के 23 पद के परिणाम भी घोषित कर दिए हैं. इसमें 887 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है. इसी तरह संस्कृत पुरुष शाखा के 90 पद और महिला शाखा के 92 पदों व दिव्यांगजन के कुल 5 पदों के भी परिणाम घोषित कर दिए गए हैं. इस परीक्षा में कुल 2772 और अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है.
आयोग ने विज्ञान विषय के पुरुष शाखा के 764 पदों व महिला सके के 573 पदों के परीक्षा परिणाम भी घोषित कर दिए हैं. इसमें दिव्यांग जनों के लिए 10 पद आरक्षित हैं ,जिनकी परीक्षा परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं. परीक्षा परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर उपलब्ध है.