दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र में बारिश का कहर जारी रहा। भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। दोनों क्षेत्रों की छह तालुकाओं में 200 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में इस क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। नवसारी में एक दिन में 811 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश के कारण चिनाब नदी के जल स्तर में वृद्धि हुई है। सरकार ने तटीय क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में भी बारिश की वजह से श्री गंगानगर में कई जगहों जलभराव हुआ।
आंध्र प्रदेश में गोदावरी नदी लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 62 हजार से अधिक लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने शुक्रवार को गोदावरी बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने बाढ़ की स्थिति को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।