गोदावरी नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण आंध्र प्रदेश के छह जिलों में 20 लाख से ज्यादा लोगों का जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।
राज्य के राजामहेंद्रवरम के पास दोवालेस्वरम में सर आर्थर कॉटन बांध में जलस्तर शनिवार रात 25.60 लाख क्यूसेक के पार चला गया। और अभी इसके बढ़ने की संभावना है। इससे पहले बांध में अगस्त 2006 में जलस्तर इतना ज्यादा था।
गौरतलब है कि, 7 अगस्त 2006 को गोदावरी नदी में जलस्तर 28,50,664 क्यूसेक तक पहुंच गया था जबकि 16 अगस्त 1986 को जलस्तर 35.06 लाख क्यूसेक था।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, गोदावरी नदी के किनारे स्थित छह जिलों के 62 मंडलों के तहत आने वाले कम से कम 628 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ के कारण ‘लंका’ के नाम से मशहूर गांव विशेष रूप से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
इधर, तमिलनाडु में बारिश के चलते मेट्टूर बांध में जलस्तर शनिवार को 120 फीट पर पहुंच गया। 88 वर्ष के इतिहास में यह 42वां मौका है। जब जलस्तर 120 फीट तक पहुंचा है। क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच नदी के जलस्तर का बहाव बांध से ऊपर पहुंच गया है।