कभी स्पाइसजेट तो कभी इंडिगो तो कभी कोई अन्य विमान, आए दिन विमानों में तकनीकि या अन्य खराबी सामने आने के बाद इनकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ रही है।
वहीं इस बार यूएई के शारजाह से हैदराबाद जाने वाली इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के बाद पाकिस्तान के कराची में इमरजेंसी लैंडिंग की गई। और विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। इंडिगो एयरलाइंस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि, पायलट ने विमान में तकनीकी खराबी की जानकारी दी। इसके बाद, एहतियात के तौर पर विमान को पाकिस्तान के कराची की ओर मोड़ दिया गया।
फिलहाल यात्रियों को हैदराबाद ले जाने के लिए कराची के लिए एक अतिरिक्त उड़ान भेजी जा रही है। बता दें 2 हफ्ते में कराची में उतरने वाली यह दूसरी भारतीय एयरलाइन है। इससे पहले पांच जुलाई को दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की SG-11 फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के बाद पाकिस्तान के कराची में ही इमरजेंसी लैंडिंग की गई थी।