Read in App

Daily Insider Desk
• Fri, 4 Nov 2022 6:14 pm IST


स्थानीय मुद्दों के आधार पर नगर निगम चुनाव में उतरेगी कांग्रेस : प्रांतीय अध्यक्ष योगेश दीक्षित

बरेली: उत्तर प्रदेश में अगले महीने संभावित नगर निकाय चुनाव के लिए पुख्ता रणनीति बनाने को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रांतीय अध्यक्ष योगेश दीक्षित ने जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की एक संयुक्त बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए योगेश दीक्षित ने कहा कि इन चुनावों को वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले का हम सेमीफाइनल मान रहे है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव को पार्टी  गंभीरता से ले रही है। कांग्रेस पार्टी निकाय चुनाव को बेहद संजीदगी से लेते हुए  इन चुनावों में पूरे दमखम से उतरने की तैयारी कर रही है। दीक्षित ने कहा कि जिले में नगर पालिका और शहर में वार्ड  प्रत्याशियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व को देश के लिए सुखद एवं सफल नेतृत्व बताया। जिला अध्यक्ष अशफाक सकलानी ने कहा कि पिछले समय में जो कुछ भ्रांतियां नेता और कार्यकर्ताओं में थीं। उनको मिलकर दूर किया जा रहा है। हम सब एकजुट होकर सांप्रदायिक बीजेपी सरकार को चुनौती देंगे। निकाय चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। 

बीजेपी करती है झूठे चुनावी वादे : अजय शुक्ला 
महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला ने कहा कि बीजेपी हमेशा चुनाव के समय झूठे वादे करती है। कांग्रेस सरकार में सिलेंडर 400 रुपये मिलता था। आज 1200 में मिल रहा है। राहुल गांधी जनता के साथ खड़े होकर पदयात्रा निकाल रहे हैं। इस बार नगर निगम और नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस पार्टी का परचम लहराएगा। हम स्थानीय मुद्दों के आधार पर नगर निगम के चुनाव को लड़ेंगे। बड़ी तादाद में हमारे पार्षद जीतकर नगर निगम में पहुंचेंगे। बैठक का संचालन जिला प्रवक्ता राज शर्मा ने किया। 

ये लोग रहे मौजूद 
बैठक में जिला प्रभारी जितेंद्र कश्यप, महानगर प्रभारी अजय  कुमार सोनी, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, चौधरी असलम मियां,स्वलिंन शर्मा, पूर्व पार्षद महेश पंडित, महानगर प्रवक्ता योगेश जौहरी, जिला प्रवक्ता राज शर्मा, दिनेश दद्दा, राजन उपाध्याय, डॉक्टर मोहम्मद खालिद, हर्षित दुबे, हर्ष विसरिया आदि लोग उपस्थित रहे।