बरेली: मधुशाला जैसी कालजयी कृति के रचयिता हरिवंश राय बच्चन की आज 19वीं पुण्य तिथि है। हरिवंश राय बच्चन का बरेली से करीबी नाता रहा है।बच्चन और बरेली के साहित्यकार ज्ञान प्रकाश चौधरी की बड़ी मित्रता थी। ज्ञान प्रकाश चौधरी के घर पर ही हरिवंश राय बच्चन की तेजी से पहली बार मुलाकात हुई थी। इसके बाद ज्ञान प्रकाश चौधरी के घर ही तेजी और बच्चन की सगाई हुई थी। बाल मनोविज्ञान के गहरे जानकार कहे जाने वाले निरंकार देव सेवक के साथ भी हरिवंश राय बच्चन की गहरी मित्रता रही। बच्चन का अक्सर उनके घर आना जाना रहता था। वो जब भी बरेली आते तो सेवक के यहां ही ठहरते थे।
चिंगारी के नाम से जब सेवक का पहला कविता संग्रह आया तो हरिवंश राय बच्चन ने उस पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि हिंदी की प्रगतिशील कविता का सच्चा इतिहास जब भी लिखा जाएगा, उसमें चिंगारी का शीर्ष स्थान होगा। लेखक सुधीर विद्यार्थी ने अपनी किताब बरेली एक कोलाज में इसका जिक्र किया है।